Bihar Launcher Collapse: भरभरा कर गिरा पुल , कई मजदूर घायल, चारो ओर मची है चीख पुकार
Bihar Launcher Collapse:भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे एनएचएआई के एनएच-139डब्ल्यू फोरलेन मार्ग पर गुरुवार को निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
Bihar Launcher Collapse: वैशाली के लालगंज में भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे एनएचएआई के एनएच-139डब्ल्यू फोरलेन मार्ग पर गुरुवार को निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल पर काम के दौरान अचानक लॉन्चर भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। घटना में कई कर्मचारी घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव की कोशिश शुरू की। जख्मी कर्मचारियों को आनन-फानन में लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में छह घायल कर्मचारियों का इलाज किया गया। वहीं, दो कर्मियों की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
लॉन्चर गिरने की खबर फैलते ही निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारी और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि लॉन्चर तकनीकी खराबी, निर्माण में चूक या किसी अन्य वजह से गिरा।
हादसे ने निर्माणाधीन परियोजनाओं में सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हादसे की असल वजह सामने आने की उम्मीद है। लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की आशंका भी जताई जा रही है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार