भाई-बहन किराए के घर से चला रहे थे गांजा तस्करी का सिंडिकेट : 10 किलो गांजा के साथ भाई गिरफ्तार, बहन फरार

वैशाली पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत एक बड़े अंतरराज्यीय व स्थानीय स्तर के गांजा तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। सबसे बड़ी बात यह है इसे भाई-बहन मिलकर चला रहे थे......

10 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले में मादक पदार्थों के सेवन, अवैध बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत एक बड़े अंतरराज्यीय व स्थानीय स्तर के तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस को इसके लिए एक विशेष कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जिसके जरिए आम नागरिक तस्करों की गुप्त सूचना दे सकते हैं। इसी कंट्रोल रूम पर मिली सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के सिद्धि विनायक कॉलोनी में किराए के मकान पर चल रहे गांजा तस्करी के अड्डे पर छापेमारी की।


किराए के घर से चल रहा था कारोबार, 10 किलो 228 ग्राम गांजा बरामद

एसएसपी (पुलिस अधीक्षक) ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कंट्रोल रूम नंबर (9031686471) पर सूचना प्राप्त हुई थी कि सदर थाना क्षेत्र स्थित सिद्धि विनायक कॉलोनी में गुल्लू राय अपनी बहन के सहयोग से अवैध रूप से गांजे की तस्करी और भंडारण का काम कर रहा है। सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुल्लू राय के किराए के मकान पर छापा मारा, जहाँ से लगभग 10 किलो 228 ग्राम (करीब 10 किलो) अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।


भाई गिरफ्तार, बहन की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी

पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी गुल्लू राय को धर दबोचा, जबकि उसकी बहन पुलिस के आने से पहले ही मौके से फरार होने में कामयाब हो गई। फरार बहन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों भाई-बहन मूल रूप से राजापाकर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और सदर थाना क्षेत्र में किराए का मकान लेकर इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहे थे।


पुलिस की आमजन से अपील

वैशाली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे बेझिझक पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर पर मादक पदार्थों का धंधा करने वालों की गुप्त सूचना दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


रिषभ की रिपोर्ट