Bihar Road Accident: NH-22 पर तेज रफ्तार का कहर, बस ने ट्रैक्टर को मारी जोरदार टक्कर, चार मजदूर घायल, सड़क पर बिखरे सीमेंट के बोरे
Bihar Road Accident: हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग एनएच-22 पर सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला।...
Bihar Road Accident: हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग एनएच-22 पर सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। गरौल थाना क्षेत्र के हरसेर गांव के पास एक यात्री बस और सीमेंट लदे ट्रैक्टर के बीच हुई जोरदार टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार चार मजदूर घायल हो गए, जबकि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। दुर्घटना के कारण कुछ देर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्री बस और सीमेंट लदा ट्रैक्टर दोनों हाजीपुर से मुजफ्फरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस चालक ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी प्रयास में बस ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर पर लदे सीमेंट के बोरे सड़क पर बिखर गए और ट्रैक्टर पर सवार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गरौल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गरौल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दो मजदूरों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर रेफर कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज सीएचसी गरौल में जारी है।घायलों की पहचान राहुल, विजय, प्रमोद और अभिषेक के रूप में हुई है। सीएचसी गरौल के डॉ. संजय कुमार ने बताया कि चारों घायलों को सड़क दुर्घटना के बाद अस्पताल लाया गया था। इनमें से दो के हाथ-पैर में फ्रैक्चर की आशंका को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। राहत की बात यह है कि सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही सड़क पर बिखरे सीमेंट के बोरे हटवाकर एनएच-22 पर यातायात को सामान्य कराया गया। पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है और बस चालक की लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार