स्कूली बैग में गांजा तस्करी : वैशाली में 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत पुलिस ने तीन नाबालिग छात्रों समेत पांच को दबोचा, 38 किलो गांजा बरामद

वैशाली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां गांजा की तस्करी में नाबालिग संलिप्त पाए गए है। दरअसल पुलिस ने गुप्त सूचना पर एक बस में छापेमारी कर गांजे के साथ पांच लोगों को पकड़ा है, जिसमें तीन नाबालिग शामिल है.....

स्कूली बैग में गांजा तस्करी- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और मद्यनिषेध विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के खेल का पर्दाफाश किया है। इस विशेष अभियान के तहत तीन नाबालिग छात्रों पुलिस द्वारा डिटेन किया गया है, जबकि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किया गया है।


एनएच-22 पर घेराबंदी कर बस से की गई बरामदगी

एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग बस के माध्यम से मुजफ्फरपुर से पटना की तरफ गांजा की एक बड़ी खेप लेकर जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एनएच-22 स्थित भगवानपुर अड्डा चौक ओवरब्रिज के समीप पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर बस को रोका और संदिग्ध यात्रियों की सघन तलाशी ली।


38 किलो गांजा जब्त, बाजार मूल्य करीब चार लाख रुपये

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद बैगों से कुल 38 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा मौके पर ही जब्त गांजे का वजन कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


स्कूली बैग का इस्तेमाल और नाबालिगों की संलिप्तता

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया है कि पकड़े गए पांच आरोपियों में तीन नाबालिग छात्र हैं, जो अपनी किताबों की जगह स्कूली बैग के अंदर गांजा भरकर उसकी तस्करी कर रहे थे। इस तरह की वारदातों में नाबालिगों का इस्तेमाल किया जाना नशे के बढ़ते नेटवर्क और युवाओं की संलिप्तता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।


तस्करी के मुख्य नेटवर्क और सिंडिकेट की तलाश में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस और मद्यनिषेध विभाग यह खंगालने में जुटा है कि यह गांजा मूल रूप से कहां से लोड किया गया था और पटना में इसे किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाया जाना था। इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संलिप्त चेहरों और नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।


रिषभ की रिपोर्ट