विवाहिता को गोली लगने के मामले का 6 घंटे में खुलासा: ससुर गिरफ्तार, अवैध हथियार से लापरवाही में चली थी गोली

विवाहिता को गोली लगने के मामले का 6 घंटे में खुलासा- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के हाजीपुर में पुलिस ने एक विवाहिता को गोली लगने की सनसनीखेज घटना का महज 6 घंटे के भीतर खुलासा करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के ससुर को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त अवैध देशी पिस्टल भी बरामद कर ली है।


दिघी कला अटलपुर गांव की घटना और पीएमसीएच रेफर

यह पूरी घटना 28 अक्टूबर की है, जो हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के दिघी कला अटलपुर गांव की है। यहां सोनू कुमार की पत्नी दीवानी कुमारी को गोली लग गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया, जहां से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।


विशेष टीम का गठन और ससुर की गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली एसएसपी शुभांक मिश्रा के निर्देशानुसार सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के भीतर पीड़िता के ससुर सुदर्शन राय को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई देशी पिस्टल भी बरामद कर ली।


हथियार के साथ लापरवाही से चली गोली

पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि घटना के पीछे कोई सोची-समझी साजिश नहीं, बल्कि घर में रखे अवैध हथियार के साथ कथित लापरवाही थी। पुलिस के अनुसार, सुदर्शन राय के नाती यानी पीड़िता के देवर ने हथियार के साथ खेलते समय गलती से ट्रिगर दबा दिया, जिससे गोली दीवानी कुमारी को जा लगी। घटना के बाद हथियार को छिपाने का प्रयास भी किया गया था, जिसकी पुष्टि पुलिस ने जांच के दौरान की है।


पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी

घटना के बाद पुलिस मामले के अन्य पहलुओं को खंगालने में जुटी है। अवैध हथियार के स्रोत और उसे घर में रखने के मामलों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता और मुस्तैदी एक बार फिर सामने आई है।


रिषभ की रिपोर्ट