लालगंज के पूर्व नगर उपाध्यक्ष मारपीट मामले में CCTV फुटेज आया सामने: सड़क पर पटककर पीटने की तस्वीरें कैद, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

वैशाली जिले के लालगंज में बीते शुक्रवार को पूर्व नगर उपाध्यक्ष और पुलिस के बीच हुई मारपीट मामले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। सीसीटीवी की जांच खुद एसडीपीओ ने की है.....

पूर्व नगर उपाध्यक्ष मारपीट मामले में CCTV फुटेज आया सामने- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के लालगंज स्थित तिनपुलवा चौक पर धनतेरस की शाम हुई घटना का सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ने लगा है। तिनपुलवा चौक स्थित दिलीप ठाकुर की टायर दुकान के आसपास लगे विभिन्न कैमरों में पूरी घटना की तस्वीरें कैद हुई हैं, जिसमें पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ कथित रूप से की गई मारपीट साफ दिखाई दे रही है।


सड़क पर पटककर पीटने और खींचकर ले जाने की तस्वीरें कैमरों में कैद

सामने आए फुटेज के अनुसार, पहले पूर्व नगर उपाध्यक्ष दिलीप ठाकुर और एक दरोगा के बीच तीखी बहस होती दिखती है, जिसके बाद विवाद बढ़कर हाथापाई में बदल जाता है। फुटेज में दिलीप ठाकुर को सड़क पर पटककर पीटते हुए देखा जा सकता है। इतना ही नहीं, कई पुलिसकर्मी उन्हें खींचकर हाजीपुर रोड की ओर ले जाते और दूसरे स्थान पर भी मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।


एसडीपीओ गोपाल मंडल ने खुद सीसीटीवी फुटेज देखकर साक्ष्य किए सुरक्षित

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) गोपाल मंडल ने घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास की दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया। एसडीपीओ ने निष्पक्ष जांच के उद्देश्य से फुटेज को अपने मोबाइल में सुरक्षित किया है और पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल शुरू कर दी है।


पीड़ित पक्ष ने जताया पुलिस कप्तान पर भरोसा, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

पीड़ित पक्ष का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज आने से पूरी घटना का सच उजागर हो गया है। उन्होंने वैशाली एसपी और एसडीपीओ पर विश्वास जताते हुए मांग की है कि वीडियो साक्ष्यों के आधार पर जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके।


6 नवंबर को दुकान के पास वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

उल्लेखनीय है कि 6 नवंबर (धनतेरस) की शाम करीब 5 बजे तिनपुलवा चौक पर टायर दुकान के पास खड़ी एक गाड़ी से यात्रियों के उतरने को लेकर बहस शुरू हुई थी। अब सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक होने के बाद हर किसी की नजर पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।


रिषभ की रिपोर्ट