चिराग का बड़ा सियासी एलान: यूपी की सभी सीटों और पंजाब में चुनाव लड़ेगी लोजपा (आर), मौलाना जर्जिस को दिया यह करारा जवाब

केन्द्रीय मंत्री और लोजपा (आर) सुप्रीमो चिराग पासवान ने यूपी विधान सभा चुनाव में सभी सीटों के साथ-साथ पंजाब में भी चुनाव लड़ने का एलान किया है.....

चिराग का बड़ा सियासी एलान- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : बिहार के हाजीपुर स्थित 'बिहार इंस्टीट्यूट ऑफ करेक्शनल एडमिनिस्ट्रेशन' में फ्लिपकार्ट के 'समर्थ' कार्यक्रम के तहत आयोजित ओरिएंटेशन और प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने एक बड़ा राजनीतिक एलान किया है। चिराग पासवान ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर और साथ ही पंजाब में भी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उनके इस एलान के बाद उत्तर प्रदेश और पंजाब की राजनीति में नए सियासी समीकरण बनने तय माने जा रहे हैं।


मौलाना जर्जिस के बयान पर चिराग का पलटवार, विभाजनकारी सोच को नकारा

उत्तर प्रदेश के विवादित बयानबाज मौलाना जर्जिस द्वारा दिए गए एक बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में धार्मिक भावनाओं का सम्मान बेहद जरूरी है और किसी भी कीमत पर आस्था को ठेस पहुंचाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चिराग ने कहा, "मुझे नहीं पता कि वे किस तरीके की सोच रखना चाह रहे हैं, लेकिन ऐसी भाषा का इस्तेमाल करके आस्था को ठेस पहुंचाना कतई उचित नहीं है।" उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि चूंकि चुनाव सिर पर हैं, इसलिए ऐसी विभाजनकारी सोच रखने वाले कई भड़काऊ बयान सामने आएंगे। हमें इन पर ध्यान दिए बिना साल 2047 तक 'विकसित भारत' के निर्माण के मुख्य संकल्प पर केंद्रित रहना होगा।


यूपी में 'पंडित से पासवान' का फॉर्मूला, पंजाब में स्वर्ण मंदिर से करेंगे शुरुआत

उत्तर प्रदेश में पार्टी की चुनावी रणनीति और सामाजिक समीकरणों को स्पष्ट करते हुए चिराग पासवान ने 'पंडित से लेकर पासवान' का नया सियासी नारा दिया। उन्होंने कहा, "जब मैं यूपी में पंडित से लेकर पासवान की बात करता हूँ, तो यह वो व्यापक ब्रैकेट है जिसके बीच में हर जाति, धर्म, वर्ग और समुदाय के लोग पूरी तरह समाहित हो जाते हैं।" पार्टी सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। चिराग ने आगे बताया कि सिर्फ यूपी ही नहीं, बल्कि वे परसों पंजाब के दौरे पर जा रहे हैं, जहाँ अमृतसर के ऐतिहासिक स्वर्ण मंदिर (हरिमंदिर साहिब) में मत्था टेककर विधिवत रूप से अपनी पार्टी के चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे।


झारखंड और नागालैंड के बाद अब उत्तराखंड तक लोजपा (आर) का विस्तार

चिराग पासवान ने अपनी पार्टी के संगठनात्मक ढांचे और बढ़ते जनाधार पर गर्व जताते हुए कहा कि लोजपा (आर) अब केवल बिहार तक सीमित नहीं रह गई है। बिहार से चलकर पार्टी का विस्तार पहले झारखंड और नागालैंड (जहां पार्टी के विधायक भी निर्वाचित हैं) तक हुआ और अब देश के अन्य बड़े राज्यों जैसे उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पंजाब तक पहुंच रहा है। उन्होंने खुलासा किया कि उत्तराखंड की राज्य इकाई ने भी पार्टी आलाकमान को आगामी चुनाव लड़ने का औपचारिक प्रस्ताव भेजा है, जिस पर पार्टी गंभीरता से विचार कर रही है।


पीएम मोदी जल्द आएंगे बिहार, वैशाली में 'निफ्टेम' का करेंगे श्यास

देश के विकास में क्षेत्रीय भागीदारी का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है जब बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब और देश का हर गांव और जिला आर्थिक रूप से विकसित होगा। इसी क्रम में उन्होंने बिहारवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी साझा करते हुए बताया कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही बिहार के दौरे पर आने वाले हैं। अपने इस बिहार दौरे के दौरान प्रधानमंत्री वैशाली जिले में स्थापित होने वाले 'राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान' (NIFTEM - निफ्टेम) का भव्य शिलान्यास करेंगे, जिससे क्षेत्र में रोजगार और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को एक नया आयाम मिलेगा।


रिषभ की रिपोर्ट