सीएम के फरमान का असर शुरू : 'सहयोग शिविर' के पहले ही दिन बड़ी कार्रवाई, म्यूटेशन में गड़बड़ी को लेकर सीओ के निलंबन की अनुशंसा

Bihar News : आम जनता की समस्याओं के ऑन-स्पॉट निपटारे के लिए सीएम द्वारा शुरू किए गए 'सहयोग शिविर' के पहले ही दिन प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है। म्यूटेशन मामलों में भारी गड़बड़ की शिकायत पर गोरौल सीओं को सस्पेंड करने की अनुशंसा की गई है...

'सहयोग शिविर' के पहले ही दिन वैशाली में बड़ी कार्रवाई- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : बिहार में आम जनता की समस्याओं के ऑन-स्पॉट निपटारे के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा शुरू किए गए 'सहयोग शिविर' के पहले ही दिन प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है। इसी कड़ी में वैशाली जिले के सभी 18 प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें अपनी फरियाद लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। इस अभियान के पहले ही दिन गोरौल प्रखंड की कटरमाला पंचायत में लगे शिविर का औचक निरीक्षण करने पहुंचे तिरहुत प्रक्षेत्र के कमिश्नर गिरिवर दयाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोरौल अंचल के अंचलाधिकारी (सीओ) के निलंबन की अनुशंसा कर दी है।


जमीन परिमार्जन और दाखिल-खारिज में गड़बड़ी पर गिरी गाज

कटरमाला पंचायत के सहयोग शिविर में पहुंचे कमिश्नर गिरिवर दयाल और तिरहुत रेंज के आईजी चंदन कुशवाहा के सामने स्थानीय ग्रामीणों ने राजस्व विभाग से जुड़ी गंभीर शिकायतें रखीं। लोगों ने गोरौल अंचल कार्यालय द्वारा जमीन परिमार्जन और दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के मामलों में भारी गड़बड़ी और लापरवाही बरतने के सीधे आरोप लगाए। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर ने मौके पर ही कड़ा रुख अपनाया और सीओ के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश जारी कर दिया।


शिकायत लेने के लिए नहींसमाधान के लिए बने हैं शिविर

कार्रवाई के बाद मीडिया से बात करते हुए कमिश्नर गिरिवर दयाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पहले जो शिविर या कैंप लगते थे, उनमें केवल लोगों की शिकायतें और आवेदन ले लिए जाते थे। लेकिन, मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू किया गया यह 'सहयोग शिविर' केवल आवेदन जमा करने के लिए नहीं, बल्कि शिकायतों के ऑन-स्पॉट समाधान के लिए लगाया गया है। उन्होंने कड़े लहजे में चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी किसी अन्य प्रखंड या पंचायत से ऐसी लापरवाही सामने आएगी, तो कार्रवाई निश्चित रूप से की जाएगी।


गंभीर मामलों के तुरंत निपटारे का अधिकारियों को आदेश

कमिश्नर ने बताया कि कटरमाला के शिविर में जमीन विवाद और अन्य विभागों से जुड़े कई अत्यंत गंभीर मामले सामने आए हैं। इन सभी मामलों के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही आईजी चंदन कुशवाहा और कमिश्नर ने संयुक्त रूप से अधिकारियों को सचेत किया कि जनता के काम में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कर्मियों पर तत्काल विभागीय कार्रवाई होगी।


प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंपदिखने लगा असर

सहयोग शिविर के पहले ही दिन वैशाली जिले में हुई इस बड़ी कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक महकमे और अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया है। कटरमाला पंचायत में कमिश्नर और आईजी की मौजूदगी में अधिकारियों ने तत्परता से लोगों की फरियादें सुनीं। बहरहाल, पहले ही दिन अधिकारियों की घोर लापरवाही उजागर होने और उस पर तुरंत एक्शन लिए जाने से यह साफ हो गया है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कड़े फरमान का असर अब जमीन पर दिखने लगा है।


रिषभ की रिपोर्ट