Bihar News : वैशाली में बड़ा हादसा टला, उड़ान भरते ही हवा में 'लटका' CM का हेलीकॉप्टर, स्टेडियम में मची अफरा-तफरी

Bihar News : वैशाली में आयोजित सीएम के कार्यक्रम स्थल पर उस समय अफरा तफरी मच गई. जब सीएम का हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के बाद हवा में लटक गया......पढ़िए आगे

सीएम का लटका हेलीकॉप्टर - फोटो : RISHABH

Vaishali : बिहार के वैशाली जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और डरा देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद उस समय अचानक अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब टेकऑफ करने के ठीक बाद सीएम का हेलीकॉप्टर हवा में ही एक जगह थम गया। आलम यह था कि करीब 5 से 10 मिनट तक मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर आसमान में बीच मझधार में लटका रहा। इस नजारे को देखकर नीचे मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों और आम जनता की सांसें अटक गईं।

जैसे ही हेलीकॉप्टर आगे बढ़ने के बजाय धीरे-धीरे वापस नीचे की तरफ आने लगा, वैसे ही ग्राउंड पर मौजूद लोगों के बीच खौफ का माहौल पैदा हो गया। सुरक्षा में तैनात कमांडो और पुलिसकर्मी तुरंत अलर्ट मोड पर आ गए। अक्षयवट राय स्टेडियम में तैनात सुरक्षा बल के जवानों ने आनन-फानन में मोर्चा संभाला और संभावित खतरे को भांपते हुए मैदान में मौजूद भारी भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाने लगे।

हेलीकॉप्टर के आसमान में इस तरह अनियंत्रित होने से वहां मौजूद मीडियाकर्मियों में भी दहशत फैल गई। चश्मदीदों के मुताबिक, स्थिति इतनी गंभीर लग रही थी कि कवरेज कर रहे पत्रकार और कैमरामैन भी अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। हर किसी के चेहरे पर अनहोनी का डर साफ देखा जा सकता था। हालांकि, कुछ मिनटों तक हवा में झूलने और नीचे आने के बाद पायलट ने स्थिति पर काबू पाया और हेलीकॉप्टर फिर से आगे की ओर बढ़ गया।

इस पूरी घटना के बाद कयासों का बाजार बेहद गर्म है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उड़ान भरते समय हेलीकॉप्टर में कोई अचानक आई गंभीर तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण पायलट को इसे हवा में ही होल्ड करना पड़ा। हालांकि, इस पूरे मामले पर जिला प्रशासन या नागरिक उड्डयन विभाग की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है। फिलहाल, इस बात की कोई सटीक जानकारी नहीं मिल सकी है कि हेलीकॉप्टर इतनी देर हवा में क्यों मंडराता रहा और तकनीकी गड़बड़ी किस स्तर की थी। लेकिन जिस तरह से यह पूरी घटनाक्रम घटी, उसने वीवीआईपी सुरक्षा को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

ऋषभ की रिपोर्ट