Bihar Flood:बाढ़ के बीच CM सम्राट चौधरी का हाजीपुर दौरा, राहत शिविर का लिया जायजा, मृतकों के आश्रितों को दिए 4-4 लाख के चेक

Bihar Flood: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को बाढ़ प्रभावित वैशाली और सारण जिले के निरीक्षण पर निकले। दौरे की शुरुआत हाजीपुर से हुई, जहां मुख्यमंत्री ने जढूआ स्थित राहत शिविर का निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। ...

बाढ़ पीड़ितों के बीच सीएम- फोटो : reporter

Bihar Flood:  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को बाढ़ प्रभावित वैशाली और सारण जिले के निरीक्षण पर निकले। दौरे की शुरुआत हाजीपुर से हुई, जहां मुख्यमंत्री ने जढूआ स्थित राहत शिविर का निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक किचन की व्यवस्था देखी और अधिकारियों से राहत कार्यों की जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद बच्चों से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर उनका हाल जाना। बाढ़ की आफत के बीच बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली गई।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ के दौरान डूबने से जान गंवाने वाले करीब आधा दर्जन लोगों के आश्रितों के बीच चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि के चेक वितरित किए। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया।इसके अलावा बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित लोगों तक राहत और जरूरी सुविधाएं लगातार पहुंचती रहें।

निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आपदा की स्थिति में थोड़ी परेशानी स्वाभाविक है, लेकिन राहत की बात यह है कि गंगा का पानी लगातार नीचे जा रहा है। उन्होंने बताया कि गंगा का जलस्तर करीब 17 से 18 सेंटीमीटर तक घटा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी घट रहा है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर लगे हुए हैं और राहत कार्य जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो-तीन दिनों में बाढ़ प्रभावित लोगों को काफी राहत मिल जाएगी।मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। वैशाली के बाद मुख्यमंत्री सारण जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का भी निरीक्षण करेंगे और वहां चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार