लालगंज के तिनपुलवा चौक पर बवाल: पूर्व नगर उपाध्यक्ष दिलीप ठाकुर और पुलिस के बीच झड़प

लालगंज के तिनपुलवा चौक पर बवाल- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के लालगंज स्थित तिनपुलवा चौक पर धनतेरस की शाम अचानक अफरातफरी मच गई। यहाँ पूर्व नगर उपाध्यक्ष दिलीप ठाकुर और लालगंज पुलिस के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस घटना में दिलीप ठाकुर घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत लालगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।


दुकान के पास गाड़ी रुकने को लेकर शुरू हुई थी कहासुनी

मिली जानकारी के अनुसार, दिलीप ठाकुर तिनपुलवा चौक के पास स्थित अपनी टायर की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान 'RD Travels' की एक गाड़ी वहाँ रुकी और उससे यात्री उतरने लगे। तभी वहाँ पुलिस पहुँची और किसी बात को लेकर पुलिसकर्मियों तथा दिलीप ठाकुर के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पुलिसकर्मी उन्हें दुकान के पास खींचकर ले गए और उनके साथ मारपीट की।


दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए हैं एक-दूसरे पर गंभीर आरोप

इस घटना को लेकर दोनों पक्षों की तरफ से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। एक तरफ जहाँ पूर्व नगर उपाध्यक्ष और उनके समर्थकों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की, वहीं दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि दरोगा और पूर्व नगर उपाध्यक्ष के बीच हाथापाई व मारपीट हुई है।


एसडीपीओ गोपाल मंडल ने मौके पर पहुँचकर संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) गोपाल मंडल दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे और स्थिति को नियंत्रित किया। एसडीपीओ ने मीडिया को जानकारी दी कि फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और दोनों पक्षों की शिकायतों की गंभीरता से जाँच की जा रही है।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस प्रशासन द्वारा घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और जाँच रिपोर्ट के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिवत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रिषभ की रिपोर्ट