सड़क के बीचों-बीच आए बिजली के पोल बिना उखाड़े ही कर दी गई ढलाई, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड मे चल रहे सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाते हुए काम में भारी अनियमितता का आरोप लगाया है...

सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने उठाया सवाल- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के बिदुपुर प्रखंड अंतर्गत अमेर पंचायत में चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए काम में भारी अनियमितता का आरोप लगाया है। ग्रामीण सत्य प्रकाश का कहना है कि सड़क की चौड़ाई तय मानकों के अनुरूप नहीं है, जो कई जगहों पर घटकर महज 7 से 8 फीट या उससे भी कम रह गई है।


सड़क के बीचों-बीच आए बिजली के पोल, बिना उखाड़े ही कर दी गई ढलाई

ग्रामीणों की सबसे बड़ी शिकायत यह है कि सड़क के बीचों-बीच बिजली के कई पोल आ गए हैं। आरोप है कि पोल को बिना हटाए या स्थानांतरित किए ही उसके चारों तरफ सड़क की ढलाई कर दी गई है, जिससे हादसों की आशंका बढ़ गई है। इसके अलावा, पुरानी सड़क को उखाड़े बिना या कई स्थानों पर सीधे मिट्टी के ऊपर ही नई सड़क ढाल देने की बात कही जा रही है, जिसके चलते कल बनी सड़क अभी से फटने लगी है।


स्टीमेट बोर्ड का अभाव और पारदर्शिता पर सवाल

ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की है कि पिछले करीब डेढ़ महीने से यह निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन मौके पर कोई भी स्टीमेट बोर्ड (विवरण पट्टिका) नहीं लगाया गया है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि यह कार्य किस योजना के तहत और किस एजेंसी द्वारा कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क का निर्माण पूरी पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए।


निर्माण कंपनी के अधिकारी मधुकर सिंह ने आरोपों को किया खारिज

दूसरी ओर, सड़क निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारी मधुकर सिंह ने ग्रामीणों के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका दावा है कि सड़क की गुणवत्ता 'टॉप क्लास' है और उनकी कंपनी बेहतरीन कार्य करने के लिए जानी जाती है। बीच में आए बिजली के पोल के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली के त्योहार के चलते बिजली विभाग द्वारा शटडाउन नहीं दिया गया था, जिस वजह से पोल समय पर नहीं हटाए जा सके। दीपावली के तुरंत बाद पोल को हटाकर किनारे कर दिया जाएगा।


आरसीडी पथ योजना के तहत 42 करोड़ की लागत से बन रही है 16 किमी लंबी सड़क

अधिकारी ने जानकारी दी कि यह महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य आरसीडी (RCD) पथ योजना के अंतर्गत तेरसिया से बिदुपुर के बीच कराया जा रहा है। इस पूरी परियोजना के तहत लगभग 16 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जा रहा है, जिस पर कुल 42 करोड़ रुपये की लागत आएगी। प्रशासन का कहना है कि परियोजना के तहत सभी तकनीकी पहलुओं को दुरुस्त किया जा रहा है।


रिषभ की रिपोर्ट