Bihar News: तेजस्वी के विधानसभा क्षेत्र के PHC में डॉक्टर गायब, भगवान भरोसे चल रहा है अस्पताल, हादसे के बाद तड़पते रहे घायल, परिजनों का फूटा गुस्सा

Bihar News: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर अक्सर नदारद रहते हैं, जिसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ता है।

तेजस्वी के विधानसभा क्षेत्र के PHC में डॉक्टर गायब- फोटो : reporter

Bihar News: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर अक्सर नदारद रहते हैं, जिसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ता है।  राघोपुर फतेहपुर में बुधवार की सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों में घायल करीब आधा दर्जन लोगों को इलाज के लिए लाया गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टर नदारद मिले। इलाज नहीं मिलने से परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और PHC परिसर में हंगामा हो गया।

लोगों का आरोप है कि इमरजेंसी के वक्त यहां अक्सर डॉक्टर गायब रहते हैं, जिसके कारण गंभीर रूप से घायल मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।

राघोपुर थाना क्षेत्र के खुदगाश गांव में बाइक और साइकिल की भिड़ंत में पहाड़पुर पूर्वी निवासी रुदल चौधरी के पुत्र कुंदन कुमार और फतेहपुर निवासी साइकिल सवार घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को आनन-फानन में PHC पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर नहीं होने से इलाज शुरू नहीं हो सका।

रामपुर श्यामचंद पंचायत के कन्हैया चौक के पास बाइक और सीएनजी टेंपो की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। घायलों में फतेहपुर निवासी सोनू कुमार शर्मा, विक्रम कुमार शर्मा तथा टेंपो सवार मनीष कुमार और मेघन कुमार शामिल हैं। सभी को PHC लाया गया, लेकिन डॉक्टर की गैरहाजिरी के कारण उपचार में देरी हुई।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात डॉक्टर मनीष कुमार झा की ड्यूटी थी, जो सुबह करीब 6 बजे अस्पताल से चले गए। बुधवार सुबह डॉक्टर निभा कुमारी की ड्यूटी थी, लेकिन वे भी समय पर अस्पताल नहीं पहुंचीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां डॉक्टरों के आने-जाने का कोई तय समय नहीं है और चिकित्सा पदाधिकारी व हेल्थ मैनेजर भी नियमित रूप से अनुपस्थित रहते हैं।

आक्रोशित लोगों ने लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि “भगवान भरोसे चल रहे” इस अस्पताल में अगर इमरजेंसी में भी डॉक्टर न मिलें, तो मरीज कहां जाएं?

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार