Bihar News: वैशाली में आग का कहर, चूल्हे की चिंगारी बनी तबाही का सबब, आधा दर्जन घर राख

Bihar News: आग की एक छोटी सी चिंगारी ने देखते ही देखते तबाही का मंजर खड़ा कर दिया।...

वैशाली में आग का कहर- फोटो : reporter

Vaishali: जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां आग की एक छोटी सी चिंगारी ने देखते ही देखते तबाही का मंजर खड़ा कर दिया।लालगंज थाना क्षेत्र में भीषण अगलगी की वारदात में आधा दर्जन घर जलकर खाक हो गए। इस हादसे में घरों में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, सोने-चांदी के जेवरात और लाखों रुपये नकद आग की भेंट चढ़ गए। आग की इस तबाही ने कई परिवारों को सड़क पर ला खड़ा किया है।

घटना लालगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनारायण पंचायत के वार्ड नंबर 6 की बताई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक सुबह का वक्त था और गांव की रहने वाली लालति देवी अपने घर में चूल्हे पर खाना पका रही थीं। इसी दौरान वह पानी भरने के लिए चापाकल पर चली गईं। लेकिन तभी चूल्हे से निकली एक चिंगारी फूस से बनी टाटी पर जा गिरी और देखते ही देखते आग भड़क उठी।

कुछ ही पलों में आग की लपटें आसमान छूने लगीं। लपटों को देख लालति देवी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बाल्टी और डोल से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, मगर तेज हवा ने आग को और भी खौफनाक बना दिया। हवा के साथ आग ने ऐसा रुख बदला कि एक के बाद एक कई घर उसकी चपेट में आ गए।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घरों के अंदर रखा कीमती सामान जलकर राख हो चुका था और कई परिवारों की पूरी जमा-पूंजी चंद मिनटों में खाक हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन परिवारों के घर जले हैं, वे पहले से ही गरीबी और तंगी की मार झेल रहे थे। अब हालात यह हैं कि उनके सिर पर छत तक नहीं बची और खाने-पीने का सामान भी खत्म हो गया है। फिलहाल सभी पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द राहत सामग्री, अस्थायी आश्रय और मुआवजा मुहैया कराया जाए, ताकि इस आग की आफत से उजड़े परिवारों को कुछ राहत मिल सके।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार