Bihar Fire: हाजीपुर में दीपावली की रात पटाखे की चिंगारी से धू-धू कर जली बेकरी, मची अफरा-तफरी

Bihar Fire: जहां एक तरफ लोग दीपों का त्योहार खुशियों और उल्लास के साथ मना रहे थे, वहीं पटाखे से निकली एक चिंगारी ने बेकरी कारोबारी की मेहनत पर पानी फेर दिया।...

पटाखे की चिंगारी से धू-धू कर जली बेकरी- फोटो : reporter

Bihar Fire: जहां एक तरफ लोग दीपों का त्योहार खुशियों और उल्लास के साथ मना रहे थे, वहीं पटाखे से निकली एक चिंगारी ने कारोबारी की मेहनत पर पानी फेर दिया। वैशाली जिले के हाजीपुर से दीपावली की रात एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जहां एक तरफ लोग दीपों का त्योहार खुशियों और उल्लास के साथ मना रहे थे, वहीं पटाखे से निकली एक चिंगारी ने बेकरी कारोबारी की मेहनत पर पानी फेर दिया। नगर थाना क्षेत्र के अंजानपीर चौक स्थित कंचन बेकरी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरी बेकरी आग की लपटों में घिर गई। इस अगलगी में कारोबारी को चार लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।

पटाखे की चिंगारी से लगी आग, मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात अंजानपीर चौक स्थित कंचन बेकरी का कारखाना बंद था। इसी दौरान आसपास की गली में छोड़े गए पटाखे की एक चिंगारी बेकरी तक पहुंच गई। इसके बाद वहां आग लग गई। शुरुआत में आग छोटी थी, लेकिन बेकरी में रखे सामान और दूसरे ज्वलनशील पदार्थों के कारण कुछ ही देर में आग ने भयावह रूप ले लिया।आग की ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश करने लगे। हालांकि, आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि लोगों की तमाम कोशिशें नाकाफी साबित हुईं।

मशीनें, कच्चा माल और सामान जलकर राख

अगलगी की इस घटना में बेकरी के भीतर रखी मशीनें, कच्चा माल और तैयार सामान आग की भेंट चढ़ गए। आग ने कारखाने के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। कारोबारी के लिए सबसे बड़ी परेशानी यह है कि जिस मशीनरी और संसाधनों के सहारे उनका कारोबार चलता था, वे अब बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।बेकरी मालिक रामनाथ के मुताबिक, इस हादसे में चार लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि कारखाना बंद था और पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका है। अब उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती कारोबार को दोबारा पटरी पर लाने की है।

दमकल की चार गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की चार गाड़ियों को लगाया गया। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।

बड़ा आर्थिक नुकसान, गनीमत रही कोई हताहत नहीं

दीपावली की रात हुई इस घटना ने बेकरी कारोबारी और उनके परिवार को बड़ा आर्थिक झटका दिया है। त्योहार के मौके पर जहां लोग खुशियां मना रहे थे, वहीं रामनाथ के सामने अब रोजी-रोटी और कारोबार को दोबारा शुरू करने की चिंता खड़ी हो गई है। हालांकि, इस भीषण अगलगी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यह राहत की बात रही कि आग की चपेट में आने से किसी की जान नहीं गई। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाले अग्निकांड और सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट-ऋषभ कुमार