Bihar News : शौचालय टंकी में दम घुटने से पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की हुई मौत, नई नवेली दुल्हन की मांग का उजड़ा सिंदूर, 3 की हालत गंभीर
Bihar News : शौचालय की टंकी में दम घुटने से पिता पुत्र संहित एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गयी. इसमें एक की शादी एक सप्ताह पहले हुई थी......पढ़िए आगे
VAISHALI : बिहार के वैशाली जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव में शौचालय टंकी (सोखता) की जहरीली गैस ने एक ही परिवार के चार लोगों की जान ले ली। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना उस वक्त हुई जब टैंक के अंदर फंसे एक सदस्य को बचाने के चक्कर में एक-एक कर परिवार के अन्य लोग भी अंदर समाते चले गए और दम घुटने के कारण काल के गाल में समा गए।
इस घटना की सबसे मार्मिक और दुखद कड़ी मृतक राहुल कुमार से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि राहुल की शादी अभी बीते 24 फरवरी को ही बड़े धूमधाम से हुई थी। घर में अभी शादी की खुशियां और रस्में पूरी भी नहीं हुई थीं कि हफ्ते भर के भीतर ही दूल्हे की मौत की खबर ने खुशियों को मातम में बदल दिया। राहुल के साथ-साथ इस हादसे में उसके पिता और परिवार के अन्य दो सदस्यों की भी जान चली गई है, जिससे पूरे इलाके के लोग स्तब्ध हैं।
मृतकों की पहचान आनंद कुमार, उनके पुत्र राहुल कुमार, और आनंद के दो भाइयों पंकज कुमार व एक अन्य सदस्य के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सोखता टैंक की सफाई या मरम्मत के दौरान जहरीली गैस का रिसाव हुआ था। जैसे ही एक व्यक्ति बेहोश होकर गिरा, उसे बचाने की कोशिश में बाकी लोग भी अंदर चले गए। इस हादसे में तीन अन्य लोगों की स्थिति भी अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वे जीवन और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सदर एसडीएम रामबाबू बैठा और लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल दलबल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा पूरी तरह से टैंक के भीतर जमा जहरीली गैस (जैसे कार्बन मोनोऑक्साइड या मीथेन) के कारण ऑक्सीजन की कमी होने से हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अनवरपुर गांव में इस वक्त सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है। एक साथ चार अर्थियां उठने की कल्पना मात्र से ग्रामीणों का कलेजा कांप उठा है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी है और सरकारी प्रावधानों के अनुसार उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। यह घटना एक बार फिर बंद टैंकों और सीवरेज की सफाई के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही और सुरक्षा उपकरणों की कमी की ओर इशारा करती है, जिसकी कीमत एक हँसते-खेलते परिवार को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
ऋषभ की रिपोर्ट