Bihar Crime : वैशाली में शराब कारोबारियों के बीच छिड़ा 'गैंगवार', घर के बाहर खड़ी कार पर अंधाधुंध फायरिंग से दहला इलाका
Bihar Crime : वैशाली में घर के बाहर कड़ी कार पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.......पढ़िए आगे
VAISHALI : बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के रायडीह गांव का है, जहां देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है और स्थानीय लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
10 राउंड से अधिक गोलियों की तड़तड़ाहट
सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बीती रात अज्ञात हमलावरों ने रायडीह गांव में धावा बोला और वहां खड़ी एक कार पर 10 राउंड से अधिक फायरिंग की। गोलियों की आवाज से पूरा गांव गूंज उठा। सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से पुलिस ने करीब 10 खोखे बरामद किए हैं, जो वारदात की भयावहता को दर्शाते हैं।
शराब के पैसे का विवाद बना मुख्य कारण
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि जिस कार पर हमला हुआ, वह नीरज नाम के युवक की है। नीरज खुद शराब के कारोबार से जुड़ा हुआ है। जांच के दौरान एसडीपीओ ने खुलासा किया कि नीरज का गांव के ही एक अन्य युवक के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना दो शराब कारोबारियों के बीच वर्चस्व और बकाया पैसों की रंजिश का परिणाम है।
कार मालिक ने गांव के ही युवक पर जताया संदेह
कार मालिक नीरज ने पुलिस को दिए अपने बयान में गांव के ही एक युवक पर हमले की आशंका जताई है। नीरज का दावा है कि विवाद के कारण ही उसे डराने या जान से मारने की नीयत से यह फायरिंग की गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की भूमिका भी संदिग्ध है क्योंकि दोनों पक्ष अवैध शराब के धंधे में संलिप्त पाए गए हैं
जांच में जुटी पुलिस और धरपकड़ की तैयारी
फिलहाल, सदर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। एसडीपीओ सुबोध कुमार ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट तो काम नहीं कर रहा है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
ऋषभ की रिपोर्ट