हाजीपुर नाव हादसा: वैशाली डीएम ने 9 लोगों के रेस्क्यू की पुष्टि की, 2 की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी

वैशाली डीएम ने 9 लोगों के रेस्क्यू की पुष्टि की- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने महात्मा गांधी सेतु के पास हुए नाव हादसे की आधिकारिक जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि एक निजी नाव तेरसिया गांव से हाजीपुर की तरफ आ रही थी, जिसे चलाने वाले नाविक भी निजी थे। यात्रा के दौरान महात्मा गांधी सेतु के पाया (पिलर) नंबर 9 और 10 के बीच नाव अनियंत्रित होकर नदी में मौजूद बोल्डर से टकरा गई, जिससे वह गंगा की तेज धारा में पलट गई। हादसे के वक्त नाव पर कुल 11 लोग सवार थे।


स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मुस्तैदी से बची यात्रियों की जान 

हादसे के तुरंत बाद शुरू हुए राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्परता दिखाई। डीएम वर्षा सिंह के अनुसार, नाव पर सवार 11 लोगों में से 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बचाव अभियान के दौरान स्थानीय गोताखोरों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए 4 लोगों को सकुशल बचाया, जबकि गंगा ब्रिज थानाध्यक्ष ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए 1 व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। बाकी यात्रियों को भी स्थानीय मदद से बचा लिया गया।


लापता लोगों की तलाश में NDRF और SDRF का सघन सर्च ऑपरेशन 

गंगा नदी में बहे 2 लापता यात्रियों की खोज के लिए आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी ताकत से जुटी हुई हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और TRF की टीमों को नदी में उतार दिया गया है। गोताखोरों और आधुनिक मोटरबोट की मदद से गंगा के संभावित बहाव वाले क्षेत्रों में लगातार व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि लापता लोगों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।


घटनास्थल पर प्रशासनिक अमला मुस्तैदपरिजनों में चिंता का माहौल 

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। वैशाली डीएम खुद पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और रेस्क्यू टीमों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही हैं। हादसे के बाद से तेरसिया दियारा और हाजीपुर के तटीय इलाकों में अफरा-तफरी और चिंता का माहौल बना हुआ है। लापता यात्रियों के परिजन गंगा तट पर डटे हैं और उनके सकुशल मिलने का इंतजार कर रहे हैं।


प्रशासन की दियारावासियों से उफान मारती गंगा में सतर्कता की अपील 

इस दुखद घटना के बाद वैशाली जिला प्रशासन ने दियारा क्षेत्र के निवासियों और नाव चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि नदियां उफान पर हैं, ऐसे में यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतें और बिना सुरक्षा मानकों या क्षमता से अधिक सवारी लेकर निजी नावों का संचालन न करें। फिलहाल पुलिस और प्रशासन का पूरा ध्यान नदी में लापता दोनों व्यक्तियों को तलाशने पर केंद्रित है।


रिषभ की रिपोर्ट