हाजीपुर में कुत्तों के झुंड ने ली युवक की जान: बाइक से गिरकर 25 वर्षीय सचिन की मौत, CCTV में कैद हुई घटना

हाजीपुर के वास्तु विहार में कुत्तों के झुंड से बचने के चक्कर में बाइक का संतुलन बिगड़ा, हादसे में 25 वर्षीय सचिन की जान गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए मामले की जांच में जुटी।

Vaishali - : बिहार के वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ आवारा कुत्तों के आतंक ने एक युवक की जान ले ली। हाजीपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित वास्तु विहार फेज-1 में कुत्तों के झुंड से बचने की कोशिश में एक बाइक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में 25 वर्षीय युवक सचिन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

कुत्तों के हमले से बिगड़ा बाइक का संतुलन

घटना रात करीब 11 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आवारा कुत्तों का एक झुंड पहले से ही सड़क पर एक कार का पीछा कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक बाइक को देखकर कुत्ते कार छोड़ बाइक की ओर लपक पड़े। कुत्तों के अचानक हमले और पीछे दौड़ने के कारण बाइक चालक अपना संतुलन खो बैठा और बाइक सीधे कार से जा टकराई। इस टक्कर में बाइक पर सवार सचिन सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं।

किराए के मकान में रहता था मृतक का परिवार

मृतक सचिन कुमार मूल रूप से जंदाहा थाना क्षेत्र के खोपी गांव का निवासी था। वह अमरनाथ सिंह का बड़ा पुत्र था और फिलहाल अविवाहित था। सचिन अपने पूरे परिवार के साथ औद्योगिक थाना क्षेत्र के वास्तु विहार फेज-1 में ही एक किराए के मकान में रहता था। हादसे के वक्त वह अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन किसे पता था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा।

परिजनों ने जताया मौत पर संदेह

सचिन की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक के चाचा पिंटू कुमार सिंह और फूफा श्याम सुंदर सिंह ने इस घटना को संदिग्ध बताया है। परिजनों का तर्क है कि बाइक पर तीन लोग सवार थे, जिसमें सचिन बीच में बैठा था। हादसे में आगे और पीछे बैठे दोस्त सुरक्षित हैं, जबकि सिर्फ सचिन की ही मौत हुई। परिजनों ने पुलिस से इस मामले की गहराई से और निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज

औद्योगिक थाना अध्यक्ष अरविंद पासवान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक जांच और सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि कुत्तों के पीछा करने की वजह से बाइक दुर्घटनाग्रस्त हुई। हालांकि, अंधेरा होने के कारण फुटेज पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

Report - Rishav kumar