Bihar News:दरोगा की खुदकुशी से पुलिस महकमे में सन्नाटा,सम्मान के साथ दी गई अंतिम सलामी

Bihar News: बिहार के हाजीपुर में एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना ने पूरे पुलिस महकमे को गहरे सदमे में डाल दिया है।...

दरोगा की खुदकुशी से पुलिस महकमे में सन्नाटा- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के हाजीपुर में एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना ने पूरे पुलिस महकमे को गहरे सदमे में डाल दिया है। कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित छवि के लिए पहचाने जाने वाले पु.अ.नि. कौशल किशोर की आत्महत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार की सुबह हाजीपुर स्थित पुलिस केंद्र में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ शोक सलामी दी गई, जहां माल ग़मगीन और भारी नजर आया।

इस मौके पर वैशाली के पुलिस अधीक्षक समेत तमाम वरीय अधिकारी, पुलिस जवान और परिजन मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दुआ की और उनके सेवा भाव को श्र्द्धांजलि पेश किया। खाकी वर्दी में लिपटे साथियों की नम आंखें इस बात की गवाही दे रही थीं कि महकमे ने एक समर्पित अफसर खो दिया है।

बता दें कि सोमवार की शाम जढुआ ओपी अध्यक्ष कौशल किशोर ने बैंकमैन कॉलोनी स्थित अपने किराए के मकान में सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली थी। इस हादसे की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पूरे मामले की तहकीकात शुरू की गई।

इस सनसनीखेज मामले में चंदन कुमार कुशवाहा ने शुरुआती तौर पर प्रेम प्रसंग को संभावित वजह बताया है। बताया जा रहा है कि हाजीपुर कोषागार में तैनात एक महिला कांस्टेबल के साथ संबंधों को लेकर यह दुखद कदम उठाया गया। हालांकि, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है ताकि हकीकत पूरी तरह सामने आ सके।

घटना के वक्त उनकी पत्नी भी उसी मकान में मौजूद थीं, जिससे यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को पुलिस लाइन में उन्हें अंतिम सलामी दी गई और श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद परिजन पार्थिव शरीर को गांव ले गए, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।

यह हादसा सिर्फ एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि पुलिस महकमे के अंदरूनी दबाव, निजी जिंदगी के तनाव और मानसिक स्वास्थ्य जैसे गंभीर मुद्दों को भी उजागर करता है। अब सवाल यह है कि क्या इस त्रासदी के बाद सिस्टम में कोई ठोस बदलाव होगा, या फिर यह घटना भी वक्त के साथ धुंधली पड़ जाएगी।

रिपोर्ट-ऋषभ कुमार