हाजीपुर जंक्शन पर छठ महापर्व को लेकर हाई अलर्ट, RPF-GRP और डॉग-बम स्क्वायड ने चलाया सघन चेकिंग अभियान
महापर्व छठ के दौरान ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर हाजीपुर जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्लेटफॉर्म, पार्सल और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है...
Vaishali : लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर हाजीपुर जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह हाई अलर्ट पर रखा गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेल पुलिस (GRP), डॉग स्क्वायड बरौनी और बम डिटेक्शन स्क्वायड की संयुक्त टीम ने जंक्शन परिसर में एक व्यापक और सघन चेकिंग अभियान चलाया।
खोजी कुत्ता 'मिलो' और बम निरोधक दस्ते ने की जांच, सर्कुलेटिंग एरिया से लेकर वेटिंग हॉल तक खंगाला
इस संयुक्त छापेमारी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने हाजीपुर जंक्शन के सभी प्लेटफॉर्मों, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्सल कार्यालय, प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) और वाहन पार्किंग क्षेत्र की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान आरपीएफ के डॉग स्क्वायड के विशेष खोजी कुत्ते 'मिलो' ने पूरे स्टेशन परिसर में सघन जांच की, जबकि बम डिटेक्शन स्क्वायड ने यात्रियों के सामानों और स्टेशन पर ठहराव करने वाली विभिन्न ट्रेनों के डिब्बों की गहनता से जाँच-पड़ताल की।
लाउडहेलर के जरिए यात्रियों को किया गया सतर्क, नशाखुरानी और चोर-उचक्कों से सावधान रहने की अपील
सुरक्षा जांच के साथ-साथ RPF टीम ने लाउडहेलर के माध्यम से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और जागरूक किया। यात्रियों से अपील की गई कि वे यात्रा के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की चीजें न लें और नशाखुरानी गिरोह से पूरी तरह सतर्क रहें। इसके अलावा भीड़-भाड़ में चोर-उचक्कों से सावधान रहने, कभी भी रेलवे ट्रैक पार न करने और प्लेटफॉर्म बदलने के लिए हमेशा फुट ओवर ब्रिज (FOB) का ही उपयोग करने की सलाह दी गई।
संयुक्त अभियान में आरपीएफ, जीआरपी और विशेष दस्तों के कई अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्चस्तरीय सुरक्षा अभियान में RPF के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत, उप निरीक्षक राकेश कुमार, आरक्षी राजीव रंजन, संजय प्रजापति, त्रिभुवन यादव, महिला आरक्षी सुनीता कुमारी, सहायक उप निरीक्षक अमरेश कुमार, सुनील दत्त राय शामिल रहे। वहीं GRP से उप निरीक्षक आरिफ अंसारी, मनोज कुमार, प्रिंस कुमार, पंकज कुमार, महिला आरक्षी इशरत बानो, डॉग स्क्वायड से ASI अमित कुमार और बम डिटेक्शन स्क्वायड से आरक्षी राजू कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में सशस्त्र बल के जवान मुस्तैद दिखे।
त्योहार पर यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि, रेलवे प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता
छठ पूजा के मौके पर परदेस से घर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महापर्व की समाप्ति और वापसी की भीड़ सामान्य होने तक जंक्शन पर सुरक्षा का यह कड़ा पहरा लगातार जारी रहेगा, ताकि यात्री पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में अपने गंतव्य तक पहुँच सकें।