Bihar Road Accident: हिट एंड रन का कहर, सब्जी लेने निकले युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
Bihar Road Accident:एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।...
Bihar Road Accident:वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसे ने पूरे इलाके को गम और गुस्से में डुबो दिया। बेदोली चौक पर अज्ञात वाहन की तेज टक्कर ने 30 वर्षीय युवक की जिंदगी छीन ली, जिससे गांव में मातम का माहौल छा गया।
जानकारी के मुताबिक, जलालपुर पंचायत के कमालपुर निवासी जग्बीर पासवान रविवार शाम सब्जी खरीदने बेदोली चौक पहुंचे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए तुरंत उन्हें लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर पटना पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जग्बीर पासवान अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार सुबह लालगंज-वैशाली मुख्य मार्ग पर मलंग जी के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया। टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया और मुआवजे की मांग उठाई गई। करीब तीन घंटे तक चले इस जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों मुखिया सुधांशू कुमार, नरेश कुशवाहा और राजेश तिवारी ने भी लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम हटाया गया और आवागमन सामान्य हुआ। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की पहचान में जुटी है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और हिट एंड रन मामलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार