सड़क और जलजमाव पर भारी बवाल: ग्रामीणों ने DM-SP का काफिला रोका, BJP विधायक अवधेश सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी, वीडियो वायरल
Vaishali : बिहार के वैशाली जिले के दौलतपुर चांदी गांव में सड़क निर्माण और भीषण जलजमाव की समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आह्वान पर आयोजित एक सहयोग शिविर के दौरान ग्रामीणों ने अपनी वर्षों पुरानी समस्या को लेकर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने शिविर में जिलाधिकारी (DM) वर्षा सिंह से गांव की बदहाली देखने का आग्रह किया और वे इसके लिए तैयार हुईं, तभी स्थानीय भाजपा विधायक अवधेश सिंह ने डीएम और पुलिस अधीक्षक (SP) विक्रम सिहाग को गांव का निरीक्षण करने से रोक दिया। विधायक के इस कदम से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने वैशाली डीएम और एसपी के सामने ही भाजपा विधायक को आड़े हाथों लिया और उनकी भारी फजीहत कराई।
विधायक के खिलाफ उग्र नारेबाजी, DM के काफिले के आगे सड़क पर लेटे ग्रामीण
स्थानीय भाजपा विधायक अवधेश सिंह द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों को गांव जाने से रोकने पर ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उग्र ग्रामीणों ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी और देखते ही देखते जिलाधिकारी वर्षा सिंह के काफिले को चारों तरफ से घेर लिया। अपनी मांगों को मनवाने के लिए कई ग्रामीण प्रशासनिक गाड़ियों के आगे सड़क पर ही लेट गए और धरने पर बैठ गए। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने विधायक के साथ-साथ जिलाधिकारी को भी कड़ी खरी-खोटी सुनाई और 'वैशाली डीएम मुर्दाबाद' के नारे लगाए। इस पूरे हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वर्षों से नारकीय जीवन जी रहे हैं दौलतपुर चांदी गांव के सैकड़ों परिवार
ग्रामीणों का कहना है कि दौलतपुर चांदी गांव के सैकड़ों परिवार पिछले कई वर्षों से पक्की सड़क न होने और जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। जलजमाव के कारण ग्रामीणों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है और उन्हें हर रोज नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए ग्रामीण बड़ी उम्मीद के साथ सहयोग शिविर में पहुंचे थे। शुरुआत में जिलाधिकारी द्वारा उनकी बात को तवज्जो न दिए जाने पर भी लोग भड़क गए थे, लेकिन बाद में जब डीएम गांव चलने के लिए सहमत हुईं, तो स्थानीय विधायक के हस्तक्षेप ने मामले को और ज्यादा सुलगा दिया।
वायरल वीडियो पर आरजेडी का तीखा हमला, सरकार की अफसरशाही को घेरा
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इसे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करते हुए नीतीश-सम्राट सरकार पर तीखा हमला बोला है। आरजेडी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हाजीपुर में साल 2000 से लेकर आज तक भाजपा का ही विधायक रहा है—पहले केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और अब अवधेश सिंह हैं। इसके बावजूद आज भी ग्रामीण एक अदद सड़क के लिए तरस रहे हैं। आरजेडी ने तंज कसते हुए लिखा कि साइकिल का दिखावा छोड़ने वाले सैकड़ों गाड़ियों के लाव-लश्कर के साथ चलते हैं, तभी ग्रामीणों को अपनी मांग के लिए गाड़ियों के नीचे लेटना पड़ा।
आरजेडी ने पूछा- 'क्या अब सड़क मांगने के जुर्म में नागरिकों को जेल में डालेंगे?'
आरजेडी ने अपने बयान में सरकार के अहंकार और अफसरशाही पर कड़ा प्रहार करते हुए सवाल उठाया कि क्या अब हक और सड़क मांगने के जुर्म में नागरिकों को जेल में डाला जाएगा या बिहार पुलिस जाति पता करके उनका एनकाउंटर करेगी? विपक्षी दल ने हाजीपुर के विकास दावों पर तंज कसते हुए कहा कि यह यहां के लोगों का 'सौभाग्य' है कि पिछले 26 सालों से यहां भाजपा के ही विधायक हैं, ऐसे में ₹10 हजार वाली सरकार से लोग सड़क लेकर आखिर क्या ही करेंगे। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और प्रशासन बैकफुट पर नजर आ रहा है।
रिषभ की रिपोर्ट