दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या कर शव गायब करने का ससुराल वाले पर आरोप, मामले की जांच में जुटी पुलिस
वैशाली जिले से दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या कर शव को गायब कर देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मृतका का मायकेवालों ने थाने मे मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है....
Vaishali : जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लालगंज थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव में एक नवविवाहिता की दहेज के लिए हत्या कर शव को गायब कर दिए जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के मायके में कोहराम मच गया। पुलिस ने बंद मकान का ताला तोड़कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है, जबकि ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हैं।
2025 में हुई थी शादी, दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप
जानकारी के अनुसार, परमानंदपुर गांव निवासी बिजली चौधरी ने अपनी पुत्री तनीषा भारती की शादी 18 मई 2025 को सैदनपुर गांव निवासी बिंदा रजक के पुत्र दीपू रजक के साथ की थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले तनीषा के साथ अक्सर मारपीट और प्रताड़ित किया करते थे।
दो दिन पहले बेरहमी से की गई थी पिटाई, फिर आई हत्या की खबर
मृतका की बहन ने बताया कि महज दो दिन पहले भी तनीषा के साथ ससुराल वालों ने बेरहमी से मारपीट की थी, जिससे उसका सिर फट गया था। इसके बाद शुक्रवार की सुबह मायके वालों को ग्रामीणों से सूचना मिली कि तनीषा की हत्या कर उसके शव को कहीं छुपा या गायब कर दिया गया है।
घर में ताला लगा कर फरार हुए ससुराल वाले, पुलिस ने तोड़ा ताला
हत्या की सूचना मिलते ही जब मायके वाले सैदनपुर पहुंचे, तो ससुराल के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर फरार हो चुके थे। मायके वालों की सूचना पर पहुंची लालगंज पुलिस ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं वार्ड सदस्य की मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा और तलाशी ली, लेकिन तनीषा का कोई सुराग नहीं मिला।
पति रहता है दुबई, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
बताया जा रहा है कि तनीषा का पति दीपू रजक वर्तमान में दुबई में रहकर काम करता है। घटना के बाद पुलिस आसपास की झाड़ियों और संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही है। लालगंज पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर फरार ससुराल वालों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और शव की बरामदगी के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी।
रिषभ की रिपोर्ट