वैशाली में झारखंड पुलिस की फिल्मी अंदाज में कार्रवाई : गिरिडीह बैंक लूट कांड मामले में हाजीपुर से जमीन कारोबारी समेत दो लोग हिरासत में लिया

वैशाली जिले में झारखंड पुलिस ने गिरिडीह जिले में पिछले दिनों यूको बैंक में हुई करोड़ों रुपए की सनसनीखेज लूट के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने काजीपुर थाना क्षेत्र से दो लोगो को हिरासत में लिया है.....

वैशाली में झारखंड पुलिस की फिल्मी अंदाज में कार्रवाई- फोटो : AI जनरेटेड तस्वीर

Vaishali : झारखंड के गिरिडीह जिले में पिछले दिनों यूको बैंक में हुई करोड़ों रुपए की सनसनीखेज लूट के मामले में झारखंड पुलिस ने हाजीपुर में बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को झारखंड पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए काजीपुर थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर चपुता गांव से एक जमीन कारोबारी समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों के बीच अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।


हथियारों से लैस सादे लिबास में आए लोगों ने पिस्तौल दिखाकर गाड़ी में बैठाया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार दोपहर झारखंड नंबर की एक ब्लैक स्कॉर्पियो से चार लोग सिविल ड्रेस (सादे लिबास) में गांव पहुँचे थे। ये सभी लोग अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे। उन्होंने दलान पर बैठे जमीन कारोबारी सत्य प्रकाश उर्फ जुगनू ठाकुर और दिग्गी निवासी राजू राय को पिस्तौल की नोंक पर जबरन गाड़ी में बैठा लिया और तेजी से हाजीपुर की तरफ निकल भागे। इस दौरान बीच-बचाव करने आए सरोज कुमार के साथ भी मारपीट की गई और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।


परिजनों को हुई अपहरण की आशंका, थाने में दी गई लिखित शिकायत

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों को लगा कि किसी ने उनके घर से अपहरण कर लिया है, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। जुगनू ठाकुर के भाई वेद प्रकाश ने काजीपुर थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात लोगों द्वारा भाई के उठाए जाने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके भाई का मुख्य रूप से जमीन का कारोबार है और उसी सिलसिले में सरोज कुमार व राजू राय उनसे मिलने आए थे, तभी यह घटना घटी।


झारखंड पुलिस ने स्पष्ट किया- गिरिडीह बैंक लूट मामले में पूछताछ के लिए ले गई टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए काजीपुर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने स्थिति स्पष्ट की और बताया कि दोनों व्यक्तियों को किसी अन्य कारणों से नहीं, बल्कि झारखंड पुलिस गिरिडीह बैंक लूट मामले में पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। गौरतलब है कि गत 5 नवंबर को गिरिडीह के धनवार बाजार स्थित यूको बैंक में पांच हथियारबंद बदमाशों ने करीब 20 मिनट तक तांडव मचाते हुए लॉकर से करोड़ों के सोने के जेवरात और नकदी लूटी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड के तार खंगालते हुए झारखंड पुलिस पिछले कुछ दिनों से लगातार दबिश बनाए हुए थी, जिसमें जुगनू ठाकुर का नाम सामने आया है।


रिषभ की रिपोर्ट