सदर अस्पताल में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ चोरी का आरोपी नाबालिग, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

हाजीपुर स्थित सदर अस्पताल परिसर में पुलिस सुरक्षा को ठेंगा दिखाते हुए चोरी का एक आरोपी नाबालिग मंगलवार को पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया....

पुलिस हिरासत से नाबालिग चोर फरार- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित सदर अस्पताल परिसर में पुलिस सुरक्षा को ठेंगा दिखाते हुए चोरी का एक आरोपी नाबालिग मंगलवार को पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। नाबालिग को बीते सोमवार को औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा था। नियम के मुताबिक मंगलवार सुबह जब पुलिसकर्मी उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे, तभी वह मौका पाकर भाग निकला। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।


चोरी की बाइक के साथ हुआ था गिरफ्तार 

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस गश्ती पर थी। इसी दौरान सुल्तानपुर इलाके में एक संदिग्ध नाबालिग को मोटरसाइकिल के साथ देखा गया। पूछताछ में जब वह बाइक के कागजात नहीं दिखा सका, तो पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले आई। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना घर बिदुपुर थाना क्षेत्र बताया और बाइक के चोरी की होने की बात स्वीकार की। इसके बाद नगर थाने में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई थी।


चिकित्सा जांच के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर हुआ फरार 

मंगलवार सुबह नियमानुसार दो पुलिसकर्मी उस नाबालिग को मेडिकल जांच और इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल लेकर गए थे। डॉक्टर से जांच कराने के बाद जब पुलिसकर्मी काउंटर पर दवा ले रहे थे, तभी नाबालिग अस्पताल की भीड़ का फायदा उठाकर अचानक रफूचक्कर हो गया। पुलिसकर्मियों ने अस्पताल परिसर में उसे पकड़ने के लिए काफी दौड़-धूप की और आसपास के इलाके में खोजबीन की, लेकिन वह चकमा देने में कामयाब रहा। इसके बाद तुरंत मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।


सीसीटीवी फुटेज की जांच और परिजनों से संपर्क 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। औद्योगिक क्षेत्र थानाध्यक्ष अरविंद पासवान ने बताया कि फरार नाबालिग को दोबारा दबोचने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि उसके भागने की दिशा का पता चल सके। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्र, बिदुपुर और नगर थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की जा रही है तथा उसके परिजनों और संभावित ठिकानों पर भी दबाव बनाया जा रहा है।


सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, जल्द गिरफ्तारी का दावा 

इस घटना ने सदर अस्पताल में हिरासत में लाए गए आरोपियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस अभिरक्षा में इस प्रकार की ढिलाई चिंताजनक है और अस्पताल में सुरक्षा बल की तैनाती बढ़ाई जानी चाहिए। वहीं, थानाध्यक्ष अरविंद पासवान ने दावा किया है कि पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और 24 घंटे के भीतर फरार नाबालिग को दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


रिषभ की रिपोर्ट