Bihar News: वैशाली में आधी रात को स्वर्ण व्यवसायी के घर भीषण डकैती, बम धमाके और फायरिंग से दहला इलाका, परिजनों को बनाया बंधक

Bihar News: बिहार के वैशाली में देर रात भीषण डकैती की घटना को 5-30 हथियारबंद बदमाशों ने अंजाम दिया। इस दौरान बदमाशों ने बमबाजी के साथ साथ कई राउंड फायरिंग भी की। स्वर्ण व्यवसायी के घर अपराधियों ने तांडव मचाया है।

वैशाली में अपराधियों का तांडव - फोटो : social media

Bihar News: बिहार के वैशाली से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां स्वर्ण व्यवसायी के घर हथियारबंध बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि स्वर्ण व्यवसायी के परिजन गहरी नींद में सो रहे थे तभी डकैत पहुंच गए। डकैतों ने बम धमाके किए फायरिंग की। जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। दरअसल, पूरा मामला वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र स्थित थानपुर गांव का है। 

स्वर्ण व्यवसायी के घर भीषण डकैती

जानकारी अनुसार सोमवार देर रात एक ज्वेलरी व्यवसायी के घर बड़ी डकैती की वारदात सामने आई है। करीब 25 से 30 हथियारबंद अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी रंजीत कुमार साह के घर धावा बोलकर लाखों की संपत्ति लूट ली। डकैतों ने सबसे पहले घर के मुख्य गेट को कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद 10 से अधिक बम धमाके और फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। 

परिजनों को बनाया बंधक 

अपराधियों ने घर के कमरों और गोदरेज के ताले तोड़ दिए और परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर सोना-चांदी और नकदी लूट ली। वारदात के दौरान बदमाशों ने गमछा और मास्क से अपने चेहरे ढक रखे थे। डकैती के दौरान हुई मारपीट और बम विस्फोट में रितिक कुमार घायल हो गया, जबकि शिव प्रसाद पासवान के पैर में छर्रा लगने की सूचना है। इसके अलावा रंजीत साह और सुरेश साह को भी चोटें आई हैं, जिनका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप 

पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के मुताबिक, महनार में इस तरह की बड़ी डकैती कई वर्षों बाद हुई है, जिससे इलाके में भय का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

वैशाली से ऋषभ की रिपोर्ट