वैशाली एसपी की बड़ी कार्रवाई: मारपीट मामले में FIR दर्ज न करने पर सहदेई बुज़ुर्ग थानाध्यक्ष निलंबित, लाइन हाजिर

हिंसक वारदात के बाद पीड़ित द्वारा न्याय के लिए थानें में लिखित आवेदन देने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं करना वैशाली के सहदेई बुज़ुर्ग थानाध्यक्ष को महंगा पड़ गया। इस मामले में एसपी ने कार्रवाई करते हुए थानेदार को निलंबित कर लाइन हाजिर किया है...

FIR दर्ज न करने पर सहदेई बुज़ुर्ग थानाध्यक्ष निलंबित- फोटो : रंजीत कुमार

Vaishali :  जिले में कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता को लेकर पुलिस कप्तान ने एक बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है. जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक (SP), वैशाली के समक्ष एक फरियादी ने उपस्थित होकर न्याय की गुहार लगाई. पीड़ित द्वारा सौंपे गए आवेदन में स्थानीय पुलिस की बड़ी लापरवाही और उदासीनता का खुलासा हुआ.


मारपीट की गंभीर घटना पर भी नहीं दर्ज की प्राथमिकी

फरियादी ने अपने आवेदन में बताया कि दिनांक 09 जून 2026 को उनके साथ बेरहमी से मारपीट की एक गंभीर घटना घटी थी, जिसमें उन्हें सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं. इस हिंसक वारदात के बाद पीड़ित ने न्याय के लिए सहदेई बुज़ुर्ग थाना में लिखित आवेदन दिया था. आरोप है कि घटना की गंभीरता और शारीरिक चोटों के बावजूद स्थानीय थाने द्वारा मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की गई और पीड़ित को थाने का चक्कर काटने पर मजबूर होना पड़ा.


एसपी की जांच में लापरवाही प्रमाणित, 20 दिनों तक दबाए रखा मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली पुलिस अधीक्षक ने तत्काल पूरे प्रकरण की समीक्षा और गहन जांच के निर्देश दिए. जांच के क्रम में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि सहदेई थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष पु०अ०नि० (सब-इंस्पेक्टर) गौतम कुमार साह द्वारा पीड़ित के आवेदन पर लगभग 20 दिनों तक कोई कानूनी कार्रवाई या प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी. एसपी ने इसे कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही, शिथिलता और मनमाना रवैया माना.


तत्काल प्रभाव से निलंबन और लाइन हाजिर का आदेश

थानाध्यक्ष के इस कृत्य को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक, वैशाली ने अनुशासनात्मक कार्रवाई का हंटर चलाया है. दोषी पुलिस अधिकारी पु०अ०नि० गौतम कुमार साह को कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है और उन्हें लाइन हाजिर करने का आदेश जारी किया गया है.


लापरवाही पर बर्दाश्त नहीं: वैशाली पुलिस का सख्त संदेश

इस कार्रवाई के जरिए वैशाली पुलिस ने अपने मातहत अधिकारियों और आम जनता को एक कड़ा व स्पष्ट संदेश दिया है. प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से स्पष्ट किया गया है कि वैशाली पुलिस आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील निस्तारण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. भविष्य में भी किसी भी स्तर पर यदि कर्तव्य में थोड़ी भी लापरवाही या शिथिलता पाई जाती है, तो संबंधित पुलिस अधिकारी के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.


रंजीत की रिपोर्ट