वैशाली के चर्चित डबल मर्डर केस में बड़ा एक्शन: फरार आरोपियों के घर पर चला बुलडोजर, कुर्की-जब्ती की हुई कार्रवाई

वैशाली जिले के चर्चित दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने फरार आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए उनके घर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में फरार आरोपियों के घर पर पुलिस ने बुलडोजर चलाया....

वैशाली के डबल मर्डर केस में पुलिस का बड़ा एक्शन- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के चर्चित दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने फरार आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के घर इश्तेहार चिपकाया गया था, जिसके ठीक अगले ही दिन शनिवार को बिदुपुर थाना पुलिस भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ आरोपियों के ठिकाने पर आ धमकी और कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी।


रास्ते और जमीन के विवाद में हुई थी फौजी और उनके पिता की निर्मम हत्या

यह पूरा मामला बिदुपुर थाना क्षेत्र के राजासन गांव का है। यहां रास्ते और जमीनी विवाद को लेकर बेखौफ अपराधियों ने भारतीय सेना के जवान जितेंद्र कुमार और उनके वयोवृद्ध पिता मुनारिक राय की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई थी।


मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, अन्य आरोपियों के घर उखाड़ दिए गए दरवाजे-चौखट

मामले का मुख्य आरोपी पूर्व में ही पुलिस मुठभेड़ (एनकाउंटर) के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन अन्य नामजद आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। शनिवार को पुलिस ने बुलडोजर की मदद से फरार आरोपियों के मकान से दरवाजे, खिड़कियां, चौखट तक उखाड़ दिए। इसके अलावा घर के भीतर रखे पलंग, बर्तन, अनाज और तमाम कीमती सामान को कुर्क कर जब्त कर लिया गया।


गांव में भारी पुलिस बल तैनात, मची अफरा-तफरी

कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी या विरोध से निपटने के लिए राजासन गांव में भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। पुलिस की इस आक्रामक और कड़ी कार्रवाई को देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और गांव के लोग पूरी प्रक्रिया को सहमे हुए देखते रहे।


आत्मसमर्पण न करने पर और सख्त कार्रवाई की चेतावनी

वैशाली पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अपराध और अपराधियों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि फरार आरोपी अगर जल्द से जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई और अधिक कठोर की जाएगी। पुलिस के इस कड़े रुख को जिले के अपराधियों के लिए एक बड़ा और स्पष्ट संदेश माना जा रहा है।


रिषभ की रिपोर्ट