महात्मा गांधी सेतु के पास बड़ा नाव हादसा: बोल्डर से टकराकर गंगा में डूबी नाव, तीन लोग लापता

हाजीपुर के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र अंतर्गत महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर 9 के समीप मंगलवार को एक भीषण नाव हादसा हो गया।एक नाव बाढ़ के पानी के तेज बहाव के बीच बोल्डर से टकराकर गंगा के गहरे पानी मे समा गई। इस घटना मे तीन लोग लापता है...

महात्मा गांधी सेतु के पास बड़ा नाव हादसा- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : हाजीपुर के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र अंतर्गत महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर 9 के समीप मंगलवार को एक भीषण नाव हादसा हो गया। तेरसिया दियारा इलाके से आ रही एक नाव बाढ़ के पानी के तेज बहाव के बीच बोल्डर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नाव पल भर में असंतुलित होकर गंगा नदी के गहरे पानी में समा गई। हादसे के समय नाव पर लगभग 10 लोग सवार थे, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।


स्थानीय निवासियों ने 7 लोगों को सुरक्षित निकाला 

नाव डूबते ही उस पर सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए तैरने की कोशिश करने लगे, वहीं तट पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ से 7 लोगों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया, जबकि 3 लोग नदी की तेज धारा में बह गए और लापता हो गए।


लापता यात्रियों की तलाश में SDRF का रेस्क्यू अभियान 

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। लापता लोगों की जल्द से जल्द तलाश के लिए राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम को तुरंत तैनात किया गया है। एसडीआरएफ की टीम गोताखोरों और मोटरबोट की मदद से गंगा नदी की धारा में लापता तीनों यात्रियों की खोज में सघन रेस्क्यू अभियान चला रही है।


तेरसिया दियारा क्षेत्र में अफरा-तफरी और चिंता का माहौल 

घटना की खबर फैलते ही तेरसिया दियारा और महात्मा गांधी सेतु के आसपास के इलाकों से भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। हादसे के बाद पूरे दियारा क्षेत्र में मातम और अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त है। लापता लोगों के परिजन बदहवास स्थिति में गंगा तट पर डटे हुए हैं और ईश्वर से अपने परिजनों के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।


प्रशासन ने दियारा क्षेत्र में सतर्कता बरतने की अपील की 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। अधिकारियों ने दियारा क्षेत्र के निवासियों और नाव चालकों से अपील की है कि वे बाढ़ के इस मौसम में उफान मारती गंगा में अत्यधिक सतर्कता बरतें और क्षमता से अधिक सवारी लेकर जलमार्ग से यात्रा करने से बचें। फिलहाल पुलिस और प्रशासन का पूरा ध्यान लापता तीनों लोगों को तलाशने पर केंद्रित है।

रिषभ की रिपोर्ट