सूखे नशे के खिलाफ वैशाली पुलिस का बड़ा प्रहार: 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत 60 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

वैशाली जिले में बढ़ते सूखे नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर स्मैक के साथ तीन तस्करों को धर दबोचा है.....

ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले में सूखे नशे के बढ़ते नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत पुलिस ने त्वरित और ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए 24 घंटे के अंदर करीब 60 ग्राम स्मैक (ब्राउन शुगर) के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।


पहली कार्रवाई: देशरी स्टेशन के पास से 40 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

महनार एसडीपीओ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पहली कार्रवाई देशरी रेलवे स्टेशन के पास की गई। वहां से पुलिस टीम ने छापेमारी कर 40 ग्राम स्मैक/कोटा के साथ दो तस्करों को दबोच लिया।


दूसरी कार्रवाई: चांदपुरा ओपी क्षेत्र से 20 ग्राम मादक पदार्थ जब्त

दूसरी सफलता चांदपुरा ओपी क्षेत्र में मिली, जहां पुलिस ने दूसरी छापेमारी के दौरान लगभग 20 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर के साथ एक अन्य तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।


नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस

महनार एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि वैशाली पुलिस का यह अभियान केवल तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि इस पूरे नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है ताकि मुख्य सप्लायरों और खरीदारों की पूरी चेन को ध्वस्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन नीलकंठ' आगे भी इसी तेजी और कड़ाई से जारी रहेगा।


रिषभ की रिपोर्ट