वैशाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रेलवे के तांबे के तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 सदस्यों को किया गिरफ्तार
Vaishali : जिले की पुलिस को मादक पदार्थों और चोरी के मामलों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी शुभांक मिश्रा द्वारा गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गोरौल थाना क्षेत्र के गोरौल गांव में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने रेलवे के बहुमूल्य तांबे के तार की चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई और आरोपियों की पहचान
एसएसपी शुभांक मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि गोरौल गांव निवासी सुबोध चौधरी अपने दो पुत्रों (राजन और रोहित) तथा अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर रेलवे के तांबे के तार की चोरी करता है। आरोपी अपने घर पर ही तांबे के केबल को जलाने के लिए आग जला रखे थे, जिससे आसपास भारी धुआं फैल रहा था। सूचना मिलते ही गठित विशेष टीम ने तुरंत सुबोध चौधरी के घर पर दबिश दी। पुलिस बल को देखकर वहां मौजूद लोग भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया। गिरफ्तार सभी चारों आरोपी गोरौल थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।
भारी मात्रा में तांबे का तार और कटर मशीन बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में चोरी किया गया तांबा और उपकरण बरामद किए हैं:
- इंसुलेटेड तार: 51 पीस (वजन लगभग 63 किलोग्राम)
- अर्ध-जला इंसुलेटेड तार: 109 पीस (वजन लगभग 82 किलोग्राम)
- अन्य उपकरण: मौके से 1 तार कटर मशीन भी जब्त की गई है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच जारी
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी अपराधियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस चोरी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चुराए गए तांबे को कहां और किसे बेचा जाता था। इस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।