हाजीपुर में 'ईशान स्नैक्स' के नाम पर चल रहा था बड़ा फर्जीवाड़ा: पुलिस और लीगल टीम की छापेमारी, फैक्ट्री सील और रॉ मैटेरियल जब्त

हाजीपुर में 'ईशान स्नैक्स' के नाम पर चल रहा था बड़ा फर्जीवाड़ा- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के हाजीपुर औद्योगिक थाना क्षेत्र में मशहूर स्नैक्स ब्रांड 'ईशान स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड' के नाम पर नकली उत्पाद बनाकर बाजार में सप्लाई करने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। कंपनी की लीगल टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए औद्योगिक क्षेत्र स्थित 'एएफपी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड' पर अचानक छापा मारा।


'चीकू' और 'चटोरी' ब्रांड के नकली रैपर बरामद

छापेमारी के दौरान फैक्ट्री के अंदर से 'चीकू' और 'चटोरी' ब्रांड के मूल उत्पादों से मिलते-जुलते हूबहू नकली रैपर और भारी मात्रा में अवैध कच्चा माल (रॉ मैटेरियल) बरामद किया गया। बड़े पैमाने पर चल रहे इस डुप्लीकेट उत्पाद के कारोबार से प्रशासनिक अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।


बाजार में शिकायत मिलने के बाद हरकत में आई लीगल टीम

कंपनी के सेल्स मैनेजर दीपक कुमार ने जानकारी दी कि पिछले कुछ समय से बाजार में लगातार डुप्लीकेट और मिलावटी माल खपाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर जब अंदरूनी जांच की गई, तो मामले की पुष्टि हुई, जिसके बाद तुरंत कंपनी के उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया और लीगल टीम ने हाजीपुर पहुंचकर पुलिस के समक्ष लिखित आवेदन देकर सहयोग की मांग की।


पुलिस और लीगल टीम की मौजूदगी में परिसर सील

सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लीगल टीम के साथ मिलकर संबंधित फैक्ट्री परिसर की सघन जांच की। जांच-पड़ताल के दौरान मूल उत्पादों से हूबहू मैच करते हुए नकली रैपर और सामग्रियां मिलने पर पुलिस और लीगल टीम की संयुक्त उपस्थिति में पूरी फैक्ट्री परिसर को सील कर दिया गया है।


थाना प्रभारी का बयान और आगे की कानूनी कार्रवाई

पूरे मामले पर जानकारी देते हुए औद्योगिक थाना प्रभारी अरविंद पासवान ने बताया कि पुलिस को इस संबंध में एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ था। आवेदन के आधार पर गश्ती दल और कंपनी के प्रतिनिधियों को जांच के लिए भेजा गया था, जहां मौके पर अवैध गतिविधियों की पुष्टि हुई है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।


रिषभ की रिपोर्ट