'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत शराब तस्करी के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश, 40 लाख की विदेशी शराब जब्त

बिहार में पूर्ण शराबबंदी और पुलिस की सख्ती के बावजूद शराब तस्करी का धंधा थमने का नाम नही ले रहा। बिहार के वैशाली जिले में पुलिस ने एकबार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद किया है, जिसकी बाजार मे कीमत तकरीबन 40 लाख रुपये बताई जा..

वैशाली में 40 लाख की विदेशी शराब जब्त- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले में शराब तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब की एक बहुत बड़ी खेप को उस समय बरामद कर लिया, जब तस्कर उसे अनलोड (उतारने) की कोशिश कर रहे थे। वैशाली पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभांक मिश्रा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने इस छापेमारी अभियान को अंजाम दिया, जिससे शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है।


सरकारी स्कूल के पास अनलोड हो रही थी 459 कार्टन विदेशी शराब 

जानकारी के अनुसार, बेसलर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मौना महिमा गांव स्थित एक सरकारी विद्यालय के समीप शराब माफिया एक बड़े वाहन से शराब की खेप उतार रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने मौके पर छापेमारी की। हालांकि, पुलिस टीम को आता देख तस्कर और वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली और मौके पर खड़े एक बड़े ट्रक तथा एक पिकअप वाहन से कुल 459 कार्टन विदेशी शराब बरामद की।


भूसे की आड़ में पंजाब से लाई गई थी 40 लाख रुपये की शराब 

पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में जब्त की गई विदेशी शराब की कुल अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है। शराब तस्करों ने पुलिस व जांच चौकियों की नजरों से बचने के लिए बेहद शातिराना हथकंडा अपनाया था। उन्होंने ट्रक के ऊपरी हिस्से में बड़े पैमाने पर भूसा लाद रखा था और उसके नीचे लाखों रुपये मूल्य की 459 कार्टन शराब छिपा रखी थी। जांच में यह बात भी सामने आई है कि शराब की यह खेप पंजाब से तस्करी कर बिहार में आपूर्ति के लिए लाई गई थी।


गाड़ियों के पंजीकरण नंबर से तस्करों और मालिकों की पहचान में जुटी पुलिस 

छापेमारी के बाद पुलिस ने मौके से मिले ट्रक और पिकअप वाहन को जब्त कर थाना परिसर पहुंचा दिया है। अब पुलिस इन दोनों वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबरों के आधार पर उनके मालिकों और चालकों का ब्योरा खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवहन विभाग के डेटाबेस के आधार पर गाड़ी मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही स्थानीय स्तर पर शराब मंगाने वाले सिंडिकेट के मुख्य धंधेबाजों को भी चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


फरार शराब माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी 

वैशाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब माफियाओं के खिलाफ 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत सघन जांच और धरपकड़ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। मौके से फरार हुए शराब तस्करों, चालकों तथा स्थानीय नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह में शामिल सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

रिषभ की रिपोर्ट