वैशाली में कैश वैन लूटने की बड़ी साजिश नाकाम; गार्ड और ग्रामीणों ने मिलकर एक अपराधी को दबोचा
वैशाली जिले के महुआ-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर एटीएम में नकदी डालने जा रही एक कैश वैन में तैनात सुरक्षा गार्ड की बहादुरी और स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से लूटने से बच गई। वहीं उग्र भीड़ ने मौके से एक अपराधी को खदेड़कर धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दि
Vaishali : जिले के महुआ-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर रानीपोखर के समीप आज अपराधियों ने दिनदहाड़े एक कैश वैन को लूटने का दुस्साहसिक प्रयास किया। जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार होकर आए चार से पांच हथियारबंद अपराधियों ने एटीएम में नकदी डालने जा रही कैश वैन को जबरन रोकने की कोशिश की। हालांकि, वैन में तैनात सुरक्षाकर्मियों और मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की सूझबूझ और बहादुरी के कारण अपराधी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और एक बड़ी वारदात होने से टल गई।
सुरक्षा गार्ड के साथ हाथापाई और जान से मारने की धमकी
कैश वैन की सुरक्षा में तैनात गार्ड बृज नंदन सिंह ने घटना की खौफनाक आपबीती बताते हुए कहा कि वे महुआ से नकदी लेकर हाजीपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान काले कपड़े पहने बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया और उनकी बंदूक छीनने का प्रयास करने लगे। गार्ड ने बताया कि अपराधियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाना शुरू कर दिया।
ग्रामीणों की मुस्तैदी से एक अपराधी मौके पर ही गिरफ्तार
गार्ड की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर जुट गए। ग्रामीणों को भारी संख्या में अपनी ओर आता देख अपराधियों के हौसले पस्त हो गए और वे भागने लगे। इसी आपाधापी में स्थानीय लोगों ने तत्परता और अदम्य साहस का परिचय देते हुए घेराबंदी कर भाग रहे अपराधियों में से एक को मौके पर ही धर दबोचा।
सराय पुलिस की छापेमारी, इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
घटना की सूचना मिलते ही सराय थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े गए अपराधी को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस इस गिरोह के फरार अन्य सदस्यों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस ने गश्त तेज कर दी है।