वैशाली में भीषण सड़क हादसा: मरीज पहुंचाकर लौट रही एम्बुलेंस और ट्रक में टक्कर, चालक समेत दो गंभीर रूप से घायल

वैशाली में भीषण सड़क हादसा- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत लालगंज-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मरीज को हाजीपुर अस्पताल पहुंचाकर वापस लौट रही एक एम्बुलेंस को सामने से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस जबरदस्त भिड़ंत में एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


चालक और पड़ोसी गंभीर रूप से घायल, हालत नाजुक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के अताउल्लापुर मिल्की गांव निवासी एम्बुलेंस चालक मोहम्मद वसीम किसी मरीज को हाजीपुर छोड़कर अपने घर वापस लौट रहे थे। उनके साथ उनके पड़ोसी मोहम्मद मुमताज भी एम्बुलेंस में मौजूद थे। इस भीषण हादसे में चालक मोहम्मद वसीम और मोहम्मद मुमताज दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।


ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ा, पुलिस जांच में जुटी

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए टक्कर मारने वाले ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही लालगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। 


पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचित करते हुए मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस भीषण टक्कर की असल वजह क्या थी।


रिषभ की रिपोर्ट