वैशाली में STF की बड़ी कार्रवाई : टॉप-10 कुख्यात को कार्बाइन के साथ दबोचा, ईंट के देर में छुपा रखा था हथियारों का जखीरा

बिहार एसटीएफ और वैशाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर एक कुख्यात को कार्बाइन के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी जिले के टॉप-10 कुख्यात में शामिल है। वहीं पुलिस ने उसकी निशानदेही पर भारी मात्रा में हथियार बरामद किया है....

कुख्यात राजकुमार गिरफ्तार- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishlai : बिहार एसटीएफ और वैशाली पुलिस की विशेष टीम ने एक संयुक्त और बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल एक शातिर और कुख्यात बदमाश को उसके सहयोगी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। यह कामयाबी काजीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर चांदी दुर्गा मंदिर के पास से मिली है। पुलिस ने इनके पास से एक घातक देशी कार्बाइन, एक देशी कट्टा, एक मैगजीन और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा ने इस पूरे हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन का खुलासा किया है।


एसटीएफ के इनपुट पर एसपी ने बनाई स्पेशल टीम

एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि 6 जुलाई को काजीपुर थाना पुलिस को एसटीएफ बिहार से एक बेहद पुख्ता और गुप्त सूचना मिली थी कि दौलतपुर चांदी गांव के कुछ अपराधी अवैध हथियारों के बड़े जखीरे के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के फिराक में हैं, और उनमें से एक संदिग्ध दुर्गा मंदिर के पास खड़ा है। सूचना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सदर-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त विंग टीम गठित कर तुरंत छापेमारी के लिए भेजी गई।


घेराबंदी कर दबोचा गया मुख्य शूटर

पुलिस और एसटीएफ की टीम जैसे ही दुर्गा मंदिर के पास पहुंची, तो वहां खड़ा एक युवक पुलिस की गाड़ियों को देखकर तेजी से भागने लगा। हालांकि, मुस्तैद जवानों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। कड़ी पूछताछ में उसने अपनी पहचान करताहा थाना क्षेत्र के पातेपुर निवासी राजकुमार शाह उर्फ राज कपूर साह (29 वर्ष) के रूप में बताई। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने कबूला कि वह वैशाली पुलिस की टॉप-10 लिस्ट का मोस्ट वांटेड अपराधी है और उसके पास भारी मात्रा में अवैध हथियार मौजूद हैं।


ईंट के ढेर से मिला हथियारों का जखीरा

कुख्यात राजकुमार की निशानदेही पर पुलिस ने उसके सहयोगी राकेश कुमार (27 वर्ष) को भी दौलतपुर चांदी गांव से धर दबोचा। दोनों अपराधियों ने कुबूल किया कि उन्होंने पुलिस से बचने के लिए हथियारों को गांव में ही ईंटों के एक बड़े ढेर के भीतर छिपाकर रखा है। पुलिस टीम ने जब बताए गए स्थान पर तलाशी ली, तो वहां से मैगजीन लगी हुई एक लोडेड देशी कार्बाइन और एक देशी कट्टा बरामद हुआ। एसपी ने बताया कि राजकुमार पिछले एक साल से इस कार्बाइन को अपने पास रखकर कई बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है।


जेल के नेटवर्क और 16 मुकदमों का इतिहास

पुलिस पूछताछ में यह भी साफ हुआ है कि गिरफ्तार कुख्यात बदमाश के तार जेल में बंद कई बड़े अपराधियों और गैंगस्टरों से जुड़े हुए हैं, जिनके इशारे पर यह बाहर रंगदारी और कांट्रैक्ट किलिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देता था। राजकुमार शाह का एक लंबा आपराधिक इतिहास रहा है; उसके खिलाफ महुआ, सराय, कुढ़नी (मुजफ्फरपुर), करताहा, लालगंज, सदर और भगवानपुर थानों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के कुल 16 गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। काजीपुर थाना में नया केस (कांड संख्या-471/26) दर्ज कर दोनों को जेल भेजा जा रहा है, और हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।


रिषभ की रिपोर्ट