विजिलेंस का बड़ा एक्शन: अनुमंडल आपूर्ति कार्यालय के क्लर्क को घूस लेते रंगें हाथ दबोचा

भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ विजिलेंस की टीम ने वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर के अनुमंडल आपूर्ति कार्यालय में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने कार्यालय के क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है...

घूस लेते क्लर्क गिरफ्तार- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ विजिलेंस (निगरानी विभाग) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज मंगलवार को विजिलेंस की टीम ने वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर के अनुमंडल आपूर्ति कार्यालय में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने कार्यालय के क्लर्क (लिपिक) सुमन कुमार को दो हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे अनुमंडल कार्यालय परिसर में हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।


डीलर से काम के बदले मांगी थी घूस

जानकारी के अनुसार, भ्रष्टाचार का यह मामला लालगंज क्षेत्र के एक जनवितरण प्रणाली (PDS) के दुकानदार से जुड़ा हुआ है। लालगंज के सरकारी राशन डीलर किशन कुमार अपने किसी विभागीय कार्य को कराने के लिए पिछले कई दिनों से अनुमंडल आपूर्ति कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। आरोप है कि इस कार्य को करने के एवज में वहां तैनात क्लर्क सुमन कुमार ने उनसे सीधे तौर पर दो हजार रुपये की घूस (रिश्वत) की मांग की थी।


डीलर की शिकायत पर विजिलेंस ने बिछाया जाल

डीलर किशन कुमार रिश्वत की रकम नहीं देना चाहते थे, जिसके बाद उन्होंने इस बात की लिखित शिकायत पटना स्थित निगरानी विभाग (विजिलेंस) से की। निगरानी विभाग ने शिकायत का सत्यापन कराने के बाद मामले को सही पाया और आरोपी क्लर्क को रंगे हाथ दबोचने के लिए एक विशेष धावा दल का गठन कर हाजीपुर में अपना जाल बिछा दिया।


रुपए हाथ में लेते ही टीम ने दबोचा

योजना के मुताबिक, जैसे ही राशन दुकानदार किशन कुमार ने अनुमंडल आपूर्ति कार्यालय पहुंचकर क्लर्क सुमन कुमार को केमिकल लगे दो हजार रुपये के नोट थमाए, वैसे ही सादे लिबास में पहले से घात लगाए बैठी विजिलेंस की टीम ने धावा बोल दिया। टीम ने क्लर्क सुमन कुमार को रंगे हाथ दबोच लिया और जब उनके हाथ धुलवाए गए, तो उनका रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने का अकाट्य प्रमाण मिल गया।


मुजफ्फरपुर/पटना ले गई टीमजांच जारी

विजिलेंस की टीम कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार क्लर्क सुमन कुमार को तुरंत अपने साथ लेकर रवाना हो गई। विजिलेंस के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी क्लर्क से पूछताछ की जा रही है और उसे विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। इस सफल कार्रवाई के बाद कार्यालय के अन्य कर्मियों में भी डर का माहौल देखा जा रहा है।


रिषभ की रिपोर्ट