दहेज के लिए विवाहिता की निर्मम हत्या: पति ने ससुर को फोन कर कहा- 'बेटी को मार दिया, जो करना है कर लो'
Vaishali : जिले के सहदेई थाना क्षेत्र अंतर्गत महनार बलिया गांव में एक 20 वर्षीय विवाहिता सोनी कुमारी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका बिदुपुर पछियारी दिलावरपुर गांव निवासी इन्दल पासवान की बेटी थीं।
मात्र 50,000 बकाया दहेज के लिए ससुराल वाले कर रहे थे प्रताड़ित
मृतका के मायके वालो ने बताया कि सोनी की शादी 7 जुलाई 2025 को महनार बलिया के संजय पासवान से हुई थी। शादी के समय तय 3.5 लाख दहेज में से ₹3 लाख दे दिए गए थे, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण बकाया 50 हजार नहीं दिए जा सके। इसी बकाया राशि को लेकर ससुराल वाले लगातार सोनी के साथ मारपीट और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना करते थे।
ससुर को आया पति का खौफनाक कॉल- "आपकी लड़की को मार दिया है, जो करना है कर लीजिए"
सोमवार रात सोनी ने फोन पर अपने पिता से बात की थी और सुबह मायके आने की बात कही थी। लेकिन मंगलवार सुबह करीब 6 बजे दामाद संजय पासवान ने ससुर को फोन कर बेखौफ अंदाज में कहा, "आपकी लड़की की हत्या कर दिए हैं, अब आपको जो करना है कर लीजिए"। परिजन जब महनार बलिया पहुंचे तो सोनी का शव पड़ा मिला और ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो चुके थे।
पीछे छूट गई 9 महीने की मासूम बच्ची, परिजनों ने लगाई इंसाफ की गुहार
मृतका अपने चार बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी। उसकी मौत के बाद 9 महीने की दूधमुही बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया है। बदहवास परिजनों ने पति संजय पासवान समेत पूरे ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।