Bihar News : हाजीपुर केला मंडी में छठ महापर्व से पहले भारी तबाही, बाढ़ और चक्रवात के कारण सड़ गए लाखों के केले
Bihar News : इस बार छठ महापर्व से ठीक पहले हाजीपुर की प्रसिद्ध केला मंडी से बेहद चिंताजनक तस्वीरें सामने आई हैं, जहाँ व्यापारियों का लाखों रुपये का केला सड़कर बर्बाद हो रहा है।
VAISHALI : लोक आस्था के महापर्व छठ में सबसे महत्वपूर्ण प्रसाद केले को माना जाता है। छठ में केले के बिना पूजा अधूरी है, लेकिन इस बार छठ से ठीक पहले हाजीपुर की केला मंडी में केला सड़कर बर्बाद हो रहा है। जिससे व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।
दरअसल, इस बार बाढ़ की वजह से विश्व प्रसिद्ध हाजीपुर का केला नहीं हो पाया है। हाजीपुर का केला पूरे देश-दुनिया में मशहूर है, लेकिन बाढ़ से फसल खराब होने के कारण स्थानीय व्यापारी आंध्र प्रदेश समेत अन्य राज्यों से केला मंगा रहे हैं।
समय से पहले माल पहुंचने और रास्ते में चक्रवात के कारण 3 दिन तक गाड़ियों के फंसे रहने से केला पककर खराब हो गया है। मंडी में सैकड़ों घौद केले पीले पड़कर सड़ रहे हैं, जिसे कोई खरीदार लेने को तैयार नहीं है। व्यापारियों ने बताया कि हाजीपुर का लोकल केला पहले ही बिक चुका है। अब जो बाहर का केला है, वह 35 रुपये प्रति किलो के भाव से खरीदा गया था, लेकिन पूजा में कोई भी खराब केला नहीं लेना चाहता, सब अच्छा केला मांग रहे हैं।
वहीं दूसरे व्यापारी ने बताया कि चक्रवात के कारण माल की भारी कमी है। जरूरत से 50 गाड़ी कम माल मंडी में पहुंचा है और जो 20 गाड़ी माल आया है, उसका अधिकांश हिस्सा सड़कर नष्ट हो रहा है। व्यापारियों को आशंका है कि अगर यही स्थिति रही तो छठ के मौके पर आम लोगों को केले के लिए अधिक दाम चुकाना पड़ सकता है और बाजार में केले की कीमतों में भारी उछाल आएगा।
ऋषभ की रिपोर्ट