इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति का हुआ नुकसान

इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के लालगंज प्रखंड अंतर्गत गुड़मिया पंचायत में शुक्रवार सुबह आगजनी की एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां एक घर में इनवर्टर में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि उसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।


मोटर चलाने के दौरान हुआ शॉर्ट सर्किट

मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा गुड़मिया पंचायत के वार्ड संख्या-10 में घटित हुआ। यहां रहने वाले स्वर्गीय रामविलास राय के पुत्र सुनील कुमार सुमन सुबह चापाकल का मोटर चलाने के लिए इनवर्टर का इस्तेमाल कर रहे थे। इसी दौरान इनवर्टर में अचानक जोरदार शॉर्ट सर्किट हुआ और उससे निकली चिंगारी ने पल भर में आग का रूप ले लिया।


लाखों की संपत्ति जलकर हुई राख

इस भीषण अगलगी में पीड़ित परिवार के चार कमरे और एक रसोईघर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घर में रखा फ्रिज, बेड, बिस्तर, कीमती फर्नीचर और अनाज समेत घरेलू उपयोग का लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान और परिजनों के मुताबिक, इस अचानक हुए हादसे में पीड़ित परिवार को लाखों रुपये की संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।


दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और लोग अपने स्तर से आग बुझाने के प्रयास में लग गए। इसके बाद मामले की जानकारी अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मी संदीप कुमार यादव ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे आग आसपास के अन्य घरों में फैलने से रुक गई।


पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग

इस हादसे के बाद सब कुछ खो चुके पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवार को अविलंब सरकारी सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि वे गर्मी के मौसम में इनवर्टर और अन्य बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतें।


रिषभ की रिपोर्ट