वैशाली में भीषण अग्निकांड: खाना बनाते समय भड़की आग, चार घर जलकर स्वाहा, लाखों का नुकसान

भीषण आगलगी में चार घर जलकर राख- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर पंचायत (वार्ड 14) स्थित खुदगाश गांव में खाना बनाने के दौरान अचानक लगी भीषण आग ने चार परिवारों के आशियाने को उजाड़ दिया। देखते ही देखते आग ने ऐसा विकराल रूप धारण किया कि चार घर जलकर पूरी तरह राख हो गए और घरों में रखा अनाज, नकदी व कपड़ों सहित सारा सामान नष्ट हो गया। स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस प्रशासन और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे के बाद भीषण गर्मी के बीच पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं, जिससे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।


खाना बनाने के दौरान भड़की चिंगारी, देखते ही देखते तीन और घरों को लिया चपेट में

मिली जानकारी के अनुसार, खुदगाश गांव निवासी टुनटुन भगत के घर में मंगलवार को खाना बनाने के दौरान अचानक आग लग गई। तेज पछुआ हवा और भीषण गर्मी के कारण आग की लपटों ने तुरंत विकराल रूप ले लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने पड़ोस के तीन अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लपटें और गर्मी इतनी तेज थी कि कोई भी घर के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। पीड़ित परिवार बेबस होकर अपनी आँखों के सामने अपनी जीवनभर की कमाई को जलता देखते रहे।


घर का सारा सामान जलकर नष्टखुले आसमान के नीचे आए पीड़ित

इस दर्दनाक हादसे में टुनटुन भगत, अजय भगत, रमेश भगत और अनीता देवी का घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घरों में रखी चौकी, बर्तन, बक्से, गेहूं, चावल, कपड़े, जरूरी कागजात और नकद रुपए जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद से अग्नि पीड़ित परिवारों का रोते-रोते बुरा हाल है। अब इस भीषण गर्मी के मौसम में रहने और खाने-पीने की चिंता इन परिवारों को सता रही है।


ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने मिलकर आग पर पाया काबू

आग लगने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत चापाकल और मोटर पंप चलाकर पानी डालना शुरू किया। इसी बीच लोजपा (रामविलास) के वरिष्ठ नेता रामप्रवेश भगत और युवा नेता चंद्र विजय कुमार उर्फ चंदू ने घटना की सूचना तुरंत अंचलाधिकारी (CO) और राघोपुर थानाध्यक्ष को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अवधेश कुमार दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया।


जनप्रतिनिधियों ने की अविलंब सरकारी सहायता देने की मांग

इस दुःखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए लोजपा (आर) के नेता रामप्रवेश भगत और चंद्र विजय कुमार ने राघोपुर अंचलाधिकारी से फोन पर बात की। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बेघर हुए इन चारों अग्नि पीड़ित परिवारों को अविलंब आपदा राहत कोष से सरकारी सहायता राशि, तिरपाल और खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराई जाए ताकि इन्हें इस संकट की घड़ी में थोड़ी राहत मिल सके।


रिषभ की रिपोर्ट