आरक्षण विवाद में मंत्री मिथिलेश तिवारी की थ्योरी : बोले- 'संपन्न लोगों के बच्चों को न मिले आरक्षण का लाभ'

आरक्षण के मुद्दे पर एलजेपी (आर) और हम के बीच उपजे विवाद के बीच बिहार के शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है अलग-अलग पार्टियों के इसपर अपने अलग विचार हो सकते है। लेकिन उनका मानना है कि संपन्न लोगों के बच्चों को आरक्षण न मिले....

आरक्षण विवाद में मंत्री मिथिलेश तिवारी की थ्योरी- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : आरक्षण के मुद्दे पर एनडीए के प्रमुख सहयोगियों के बीच जारी खींचतान के बीच बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री एवं भाजपा नेता मिथिलेश तिवारी की एंट्री हो गई है। निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पटना से निकलने के दौरान हाजीपुर पहुंचे शिक्षा मंत्री का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरक्षण विवाद पर एक नई थ्योरी पेश करते हुए इस संवेदनशील मुद्दे पर पार्टी का दृष्टिकोण स्पष्ट किया।


संपन्न वर्ग के बच्चों को आरक्षण न देने और संवैधानिक व्यवस्था की सराहना 

शिक्षा मंत्री ने आरक्षण के लाभ को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि जो लोग समाज में पूरी तरह से संपन्न हो चुके हैं, उनके बच्चों को आरक्षण का लाभ नहीं मिलना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने संवैधानिक ढांचे का समर्थन करते हुए कहा कि संविधान के तहत जो आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था बनाई गई है, वह काफी अच्छी और सर्वसमावेशी है।


चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के बीच जारी बहस से बनाई दूरी 

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और 'हम' पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन व संरक्षक जीतन राम मांझी के बीच जारी बयानबाजी पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि दोनों अपने-अपने दल के बड़े और कद्दावर नेता हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों शीर्ष नेताओं के बीच छिड़ी इस वैचारिक बहस के बीच में पार्टी के किसी अन्य नेता या तीसरे पक्ष को नहीं पड़ना चाहिए।


नेताओं के विचार अलग होने के बावजूद एनडीए को बताया पूरी तरह एकजुट 

आरक्षण पर सहयोगी दलों के अलग-अलग बयानों से उपजे राजनीतिक भ्रम पर विराम लगाते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि एक ही विषय पर अलग-अलग नेताओं के अपने विचार हो सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि विचारों में विविधता के बावजूद एनडीए गठबंधन में पूरी तरह से एकजुटता कायम है और घटक दल मिलकर काम कर रहे हैं।


हाजीपुर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर निजी कार्यक्रम के लिए हुए रवाना 

बता दें कि शिक्षा मंत्री पटना से एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए निकले थे। यात्रा के दौरान हाजीपुर में रुके, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं से मुलाकात और संक्षिप्त संवाद के बाद वे अपने गंतव्य के लिए आगे रवाना हो गए।

रिषभ की रिपोर्ट