शादी से पहले मातम, वैशाली में पलटा टेंपो, 10 लोग जख्मी, अस्पताल में स्ट्रेचर नहीं,बाउंड्री पर लिटाए गए घायल

शादी की तैयारियों के बीच गंगा स्नान के लिए निकले परिवार के लोग उस वक्त हादसे का शिकार हो गए जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित टेंपो अचानक पलट गया।

शादी से पहले मातम- फोटो : reporter

Vaishali: जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया। शादी की तैयारियों के बीच गंगा स्नान के लिए निकले परिवार के लोग उस वक्त हादसे का शिकार हो गए जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित टेंपो अचानक पलट गया। इस हादसे में करीब 10 लोग घायल हो गए, जिनमें कई महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि सभी लोग सराय थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव से गंगा स्नान के लिए निकले थे। घर में बिरजू पासवान के बड़े बेटे की शादी 13 मार्च को होने वाली थी, इसलिए परंपरा के अनुसार परिवार की महिलाएं गंगा स्नान करने जा रही थीं। मगर रास्ते में किस्मत ने ऐसा करवट लिया कि खुशियों का कारवां हादसे में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टेंपो में आठ से दस लोग सवार थे। अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। घायल यात्रियों को तुरंत उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर ले जाया गया।

घायलों में गिरिजा देवी, सोना देवी, चिंता देवी, सुलेखा देवी, चिनिया देवी, मुनचुन देवी और सत्यम कुमार समेत कई लोग शामिल हैं। सभी धर्मपुर गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में गिरिजा देवी की हालत सबसे ज्यादा गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

हादसे के बाद अस्पताल का नजारा भी किसी दर्दनाक कहानी से कम नहीं था। घायलों का आरोप है कि अस्पताल में स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं था। मजबूरी में उन्हें अस्पताल की बाउंड्री दीवार पर ही लिटा दिया गया। कई लोग दर्द से कराहते रहे, मगर करीब डेढ़ घंटे तक कोई डॉक्टर नजर नहीं आया।

परिजनों का कहना है कि किसी का हाथ टूटा था, किसी का पैर जख्मी था और कई लोगों के सिर से खून बह रहा था, लेकिन अस्पताल में सुनने वाला कोई नहीं था।

इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ परिवार शादी की खुशियों की तैयारी कर रहा था, दूसरी तरफ अब वही परिवार अस्पताल के गलियारों में अपनों की सलामती की दुआ कर रहा है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार