वैशाली में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत- फोटो : रंजीत कुमार

Vaishali : जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के जुड़ावनपुर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान बिदुपुर के कंचनपुर निवासी शंकर शाह की पुत्री पूजा देवी के रूप में हुई है, जिसकी शादी मात्र 11 महीने पहले जुड़ावनपुर निवासी अजीत कुमार से हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।


मायके वालों ने हत्या का लगाया आरोप

मृतका की मां और मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पूजा को उसके पति, मौसी और अन्य सदस्यों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मां का आरोप है कि घर में सास-बहू के बीच जानबूझकर झगड़ा करवाया जाता था। बताया गया है कि मृतका का पति अजीत कुमार, जो सात भाइयों में तीसरे नंबर पर है, केरल में मजदूरी करता है। मायके वालों ने पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों पर हत्या की साजिश रचने का सीधा आरोप लगाया है।


ससुराल वाले लाश को घर के बाहर छोड़कर फरार

घटना के बाद एक चौंकाने वाला खुलासा भी सामने आया है। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि हत्या के बाद ससुराल वाले साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गंगा नदी में ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, इसी बीच मायके वाले मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी शव को घर के बाहर ही छोड़कर फरार हो गए। फिलहाल ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है।


सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना अध्यक्ष रवि प्रकाश दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया। जांच को वैज्ञानिक दिशा देने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया। FSL की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से कई आवश्यक नमूने और साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि वे हर संभावित कोण से मामले की तहकीकात कर रहे हैं।


थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि मृतका के परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और गांव में तनाव को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


रंजीत की रिपोर्ट