कई दिनों से लापता विवेक की तालाब से शव बरामद : परिजनों की आशंका सच हुई साबित, आपसी रंजिश में दोस्तों ने गोली मारकर की थी हत्या

वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र से गायब विवेक के परिजनों की आशंका आखिरकार सच साबित हुई है। विवेक की लाश को पुलिस ने बरामद कर लिया है। उसकी हत्या दोस्तों ने ही आपसी विवाद में की थी.....

वैशाली विवेक कांड का खुलासा- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के सराय थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 9 और 10 नवंबर की रात गोली मारकर गायब किए गए युवक का शव घटना स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक निजी तालाब से बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई कार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, बल्कि मृतक विवेक उर्फ टिंकू के अपने ही जिगरी दोस्त थे।


आपसी रंजिश में बगीचे में मारी गई थी गोली, कई दिनों से लापता होने के कारण गहरा रहा था रहस्य

ग्रामीण एसपी ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 9 और 10 नवंबर की रात सराय थाना क्षेत्र के प्रबोधी गांव स्थित एक बगीचे में सभी दोस्त इकट्ठा हुए थे। वहीं पर आपसी रंजिश के चलते सभी पांचों आरोपियों ने मिलकर टिंकू को गोली मार दी और फिर उसका शव लेकर फरार हो गए। 


घटना के बाद से ही युवक का शव गायब था, जिसके चलते मामले का रहस्य लगातार गहराता जा रहा था। पिछले कई दिनों से सराय थाना पुलिस लापता युवक की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार खोजबीन कर रही थी। आज जब गांव के ही एक पोखर से टिंकू का शव बरामद हुआ, तो परिजनों की आशंका आखिरकार सच साबित हुई और यह मामला हत्या में बदल गया।


नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने की थी पीड़ित परिवार से बात, पुलिस के सामने बाकी आरोपियों को पकड़ने की चुनौती

इस हाई-प्रोफाइल और मर्माहत करने वाली घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी सरगर्मी तेज हो गई थी, जिसके तहत नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी वीडियो कॉल के जरिए पीड़ित परिवार से बातचीत कर उन्हें हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया था। 


बहरहाल, अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस हत्याकांड में शामिल उन तीन फरार आरोपियों को जल्द से जल्द दबोचने की है, जो अब तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किन आपसी कारणों के चलते दोस्तों ने ही अपने ही दोस्त के भरोसे का कत्ल कर दिया।


रिषभ की रिपोर्ट