Bihar Flood: तेजस्वी के विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ का कहर, पीड़ितों के बीच पहुंचे पप्पू यादव, महिलाओं ने सुनाया दर्द

Bihar Flood: वैशाली राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है।...

तेजस्वी के विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ का कहर- फोटो : reporter

Bihar Flood:  वैशाली राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। इसी बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव गुरुवार को बिदुपुर प्रखंड के बाजितपुर भिंडा और नवानगर घाट पहुंचे। उन्होंने बाढ़ की मार झेल रहे परिवारों से मुलाकात कर जमीनी हालात का जायजा लिया। सांसद ने खास तौर पर महिलाओं से बातचीत कर उनके दर्द और परेशानियों को करीब से समझने की कोशिश की।

नवानगर घाट पर पप्पू यादव ने बाढ़ पीड़ितों से प्रशासन की ओर से मिल रही राहत व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि प्रभावित परिवारों को भोजन, पेयजल, राहत सामग्री और अन्य जरूरी सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। इस दौरान महिलाओं ने बाढ़ के कारण पैदा हुई मुश्किलों को सांसद के सामने रखा। कई परिवारों ने जलजमाव, सुरक्षित ठिकाने, राशन और आवागमन की दुश्वारियों की जानकारी दी।

बाढ़ पीड़ितों के मुताबिक लगातार बढ़ रहे जलस्तर ने कई इलाकों में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। घरों में पानी घुसने के बाद लोग सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पनाह लेने को मजबूर हैं। इंसानों के साथ मवेशियों के लिए चारे का इंतजाम भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।पीड़ितों की फरियाद सुनने के बाद सांसद ने भरोसा दिलाया कि मुश्किल की इस घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर राहत दिलाने के लिए हरसंभव कोशिश की जाएगी।

इस दौरान नवानगर घाट पर बड़ी तादाद में बाढ़ पीड़ित जमा हो गए। लोग अपनी-अपनी परेशानियां लेकर सांसद के पास पहुंचे। पप्पू यादव ने बाढ़ की जमीनी स्थिति और राहत इंतजामों का जायजा लेने के साथ बाढ़ पीड़ितों के बीच सहायता राशि का भी वितरण किया।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार