Bihar Flood: आधी रात CM के बाढ़ राहत शिविर में पप्पू यादव का छापा, जली दाल-कच्चे चावल पर भड़के सांसद

Bihar Flood:बिहार में बाढ़ का कहर जारी है और इसी बीच राहत शिविरों की बदइंतजामी को लेकर सियासत भी तेज हो गई है।...

जली दाल-कच्चे चावल पर भड़के सांसद- फोटो : reporter

Bihar Flood:बिहार में बाढ़ का कहर जारी है और इसी बीच राहत शिविरों की बदइंतजामी को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने देर रात हाजीपुर में महात्मा गांधी सेतु के पास बने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बाढ़ राहत शिविर का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए। रात के अंधेरे में अचानक पहुंचे पप्पू यादव ने शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने राहत शिविर में पीड़ितों के लिए तैयार किया गया खाना भी उनके साथ बैठकर खाया। खाना चखने के बाद पप्पू यादव व्यवस्था पर भड़क गए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिविर में लोगों को जली हुई दाल, कच्चे चावल और कच्चे चने की सब्जी परोसी जा रही है। सांसद ने कहा कि इस तरह का खाना इंसान के खाने लायक नहीं है और बाढ़ पीड़ितों को राहत देने के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है।

शिविर में मौजूद बाढ़ पीड़ितों ने भी पप्पू यादव के सामने अपनी परेशानियां रखीं। लोगों का आरोप था कि जब कोई बड़ा नेता या अधिकारी शिविर में पहुंचता है, तभी इंतजाम दुरुस्त नजर आते हैं। पीड़ितों ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान रेड कार्पेट बिछाकर तमाम व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी गई थीं, लेकिन उनके लौटते ही हालात फिर बदहाल हो गए। ग्रामीणों ने प्रशासन पर उन्हें भगवान भरोसे छोड़ देने का आरोप लगाया।

पप्पू यादव ने इस दौरान बाढ़ पीड़ितों के बीच 500-500 रुपये की आर्थिक मदद बांटी। इसके साथ ही महिलाओं को सैनिटरी पैड भी वितरित किए। राहत शिविर का जायजा लेने के बाद सांसद सीधे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर पहुंचे।

राघोपुर के तेरसिया गांव में भी उन्होंने देर रात बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। यहां पप्पू यादव ने अपने हाथों से पूरी बनाई और ग्रामीणों के साथ बैठकर उन्हें खाना खिलाया। उन्होंने प्रभावित लोगों के बीच 500-500 रुपये बांटे और महिलाओं को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराया। इसके बाद सांसद ने बाढ़ पीड़ितों के बीच ही रात्रि विश्राम करने का फैसला किया।

पप्पू यादव के पहुंचने पर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सांसद के सामने रखीं और उनसे मदद की गुहार लगाई। जी मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने सरकार और वैशाली जिला प्रशासन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार बाढ़ राहत के नाम पर सिर्फ दिखावा कर रही है। उन्होंने कहा कि राहत शिविरों की स्थिति बेहद खराब है और वे रातभर राघोपुर में पीड़ितों के बीच रहकर उनकी हरसंभव मदद करेंगे।