BIHAR POLITICS - बेटे- भतीजे के साथ वैशाली में गरजे पशुपति पारस, कहा - जबतक जिंदा हूं, हाजीपुर का सेवक बनकर रहूंगा, नीतीश को बताया नाकाम सीएम
BIHAR POLITICS - nda से अलग होने के बाद पशुपति पारस अब अपनी पार्टी को फिर से मजबूत करने के लिए जुट गए है। जिसके लिए उन्होंने उसी क्षेत्र को चुना है, जहां से उनके पूरे परिवार को राजनीतिक पहचान मिली है। पारस ने कहा कि पूरी जिंदगी इस जगह की सेवा करूंगा

VAISHALI - बिहार का कमान जिनके हांथों में है वे नीतीश कुमार अब प्रदेश को चलाने लायक नही रह गए है। पांच आईपीएस ऑफिसर बिहार चला रहे हैं। 20 वर्षो से वे लगातार बिहार के मुख्यमंत्री हैं लेकिन बिहार की स्थिति में कोई बदलाव नही आया। न कही कोई उद्योग लगा और न ही बेरोजगारी दूर हुई और न ही कानून व्यवस्था में सुधार हुआ। 2004 में लोक जन शकि पार्टी ने सत्ता परिवर्तन की थी। अब 2025 भी सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार है। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी इस बार सत्ता परिवर्तन करेगी। बिना हमारी पार्टी के किसी की सरकार नही बनेगी। ये बाते पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने लालगंज के गंडक प्रोजेक्ट में कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि हाजीपुर की जनता मेरी माँ है जिसने मेरे बड़े भाई स्व रामविलास पासवान को दोदो बार रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड में उनका नाम दर्ज करवाने का काम किया था। 2019 में स्व रामविलास पासवान के कहने पर मैंने लोकसभा का चुनाव लड़ा। हाजीपुर की जनता ने मुझे सांसद बनाया। मैं इस पांच वर्षों में या अभी भी मेरा दरवाजा हाजीपुर की जनता के लिए हमेशा खुला रहता है। मैं जब तक हूं सेवक बनकर सेवा करता रहूंगा।
बिहार की जनता से गठबंधन
पूर्व सांसद प्रिंस राज ने कहा कि हमारा गठबंधन बिहार की जनता के साथ है। लोकसभा चुनाव में देशहित में हमारी पार्टी ने एनडीए को समर्थन दिया अब राज्य हित मे काम करना है। बिहार में न उद्योग लगा न रोजगार की व्यवस्था हुई, न स्वास्थ्य व्यवस्था सुधरी और न ही कानून व्यवस्था। शिक्षा का भी बिहार में हाल बुरा है।
यशराज ने बड़े पापा को किया याद
युवा नेता यशराज ने कहा कि जनतंत्र, गणतंत्र का महान पर्व आने वाला है। जिस उद्देश्य को लेकर हमारे बड़े पापा रामविलास पासवान ने पार्टी बनाई थी उसे पूरा करने का समय आ गया है। उनका कहना था कि मैं उस घर मे दिया जलाने चला हूं जहां सदियों से अंधेरा है। पर आजादी के वर्षों के बाद भी गरीबो के घर मे आज भी अंधेरा है। इसलिए हमें इस निकम्मी सरकार को हटाकर सभी गरीबो के घर उजाला फैलाना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पारसनाथ गुप्ता एवं संचालन संजीव रंजन उर्फ बिट्टू गुप्ता ने किया। सभा को दलित सेना प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम कुमार दाहा, जिला अध्यक्ष पारस नाथ गुप्ता, रालोजपा वैशाली के प्रधान महासचिव दिनेश पाण्डेय आदि ने संबोधित किया।
report - rishav kumar