Patna Road Accident:महात्मा गांधी सेतु पर टकराईं ऑटो और बोलेरो, 10 लोगो घायल, तीन की हालत नाजुक
Patna Road Accident:महात्मा गांधी सेतु के पाया संख्या 5 के नज़दीक ऑटो और बोलेरो की टक्कर में ऑटो में सवार 10 लोगों को गंभीर चोटें आईं।

Patna Road Accident: हाजीपुर-पटना मुख्य मार्ग: महात्मा गांधी सेतु के पाया संख्या 5 के पास ऑटो और बोलेरो की टक्कर में ऑटो सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद सेतु के पश्चिमी लेन पर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीन की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात करीब 2 बजे ऑटो चालक पटना से सवारियां लेकर हाजीपुर आ रहा था। महात्मा गांधी सेतु के पाया संख्या 5 के पास पीछे से आ रही एक बोलेरो ने ओवरटेक करने के प्रयास में ऑटो को ज़ोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो में सवार 10 लोग घायल हो गए और अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद गंगा ब्रिज थाने की पुलिस को जानकारी देकर सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान सारण जिले के बनियापुर निवासी वेद प्रकाश मिश्रा, सिवान जिले के मोहम्मद इरशाद समेत 10 लोग बताई गई है।
सूचना मिलते ही गंगा ब्रिज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो व बोलेरो को ज़ब्त कर लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि देर रात गांधी सेतु के पाया संख्या 5 के पास पश्चिमी लेन पर बोलेरो ने ऑटो को टक्कर मार दी थी। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार